N1Live Entertainment अनिल कपूर की एक सलाह ने बदला अंजना सुखानी का नजरिया, इंटरव्यू में किया खुलासा
Entertainment

अनिल कपूर की एक सलाह ने बदला अंजना सुखानी का नजरिया, इंटरव्यू में किया खुलासा

A piece of advice from Anil Kapoor changed Anjana Sukhani's perspective; she revealed this in an interview.

17 जुलाई । बॉलीवुड अभिनेत्री अंजना सुखानी ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक खास किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि फिल्म ‘सलाम-ए-इश्क’ की शूटिंग के दौरान अनिल कपूर ने उन्हें जो सलाह दी थी, उसने उनके सोचने का नजरिया बदल दिया और वह आज भी उस सीख को अपने जीवन में उतारने की कोशिश करती हैं।

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अंजना सुखानी से पूछा गया कि उन्होंने अपने करियर में अमिताभ बच्चन, सलमान खान, जॉन अब्राहम और अजय देवगन जैसे कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया है। ऐसे में क्या किसी स्टार ने उन्हें ऐसी सलाह दी, जो आज भी उनके दिल और दिमाग में बसी हुई है। इस सवाल का जवाब देते हुए अंजना ने अनिल कपूर का नाम लिया।

अंजना ने कहा, ”मुझे इस बात की खुशी है कि किसी ने भी मुझे बिना वजह सलाह देने की कोशिश नहीं की, क्योंकि हर इंसान का अपना सफर होता है और वह अपने अनुभवों से सीखता है लेकिन मुझे याद है कि ‘सलाम-ए-इश्क’ की शूटिंग के दौरान अनिल कपूर ने मुझे बहुत अच्छी सलाह दी थी।”

उन्होंने बताया, ”अनिल कपूर हमेशा कहते थे कि अपने प्रोजेक्ट्स बहुत सोच-समझकर चुनो। उन लोगों के साथ काम मत करो जिनके साथ आप सहज महसूस नहीं करते। ऐसे लोगों के साथ काम करो, जो अच्छे हों और जिनके साथ काम करके आपको खुशी मिले। सिर्फ काम करने के लिए कोई भी फिल्म मत करो। मुझे उनकी यह बात आज भी बहुत अच्छी लगती है और मैं उसे हमेशा याद रखती हूं।”

साल 2007 में रिलीज हुई ‘सलाम-ए-इश्क’ उस समय की सबसे चर्चित मल्टीस्टारर फिल्मों में से एक थी। निखिल आडवाणी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनिल कपूर, सलमान खान, गोविंदा, जूही चावला, अक्षय खन्ना, जॉन अब्राहम, प्रियंका चोपड़ा, विद्या बालन, आयशा टाकिया, सोहेल खान, ईशा कोप्पिकर और शैनन एसरा जैसे कई बड़े कलाकार नजर आए थे। फिल्म में अंजना सुखानी ने अंजलि कपूर का किरदार निभाया था, हालांकि उनका रोल छोटा था, लेकिन इस फिल्म ने उन्हें कई बड़े कलाकारों के साथ काम करने का मौका दिया।

Exit mobile version