N1Live Entertainment ए.आर. रहमान ने की सोनू निगम की आवाज की तारीफ, पूछा- इतना रोमांटिक कैसे गाते हो?
Entertainment

ए.आर. रहमान ने की सोनू निगम की आवाज की तारीफ, पूछा- इतना रोमांटिक कैसे गाते हो?

A.R. Rahman praised Sonu Nigam's voice and asked, "How do you sing so romantically?"

संगीतकार ए.आर. रहमान की आगामी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ में गीत ‘ओह तबस्सुम’ को सोनू निगम गाएंगे। ए.आर. रहमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर कर सोनू निगम के साथ फिर से काम करने पर खुशी जताई। साथ ही उनकी मधुर आवाज की तारीफ भी की।

रहमान ने लिखा, “फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के गीत ‘ओह तबस्सुम’ की रिकॉर्डिंग के लिए हमारे स्टूडियो में सोनू निगम का फिर से स्वागत करके बेहद खुशी हो रही है। गीत जावेद अख्तर ने लिखा है। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और इसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस कर रहा है। भाई… आपकी आवाज इतनी रोमांटिक कैसे लगती है?”

फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है। इस फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी जैसे कलाकार नजर आएंगे। पहले इस फिल्म का नाम ‘लाहौर 1947’ था। सनी देओल और राजकुमार संतोषी इससे पहले ‘घायल’ और ‘दामिनी’ में भी साथ काम कर चुके हैं।

कहा जा रहा है कि इसकी कहानी असगर वजाहत के मशहूर नाटक ‘जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्याई नई’ पर आधारित है। यह नाटक बंटवारे को बड़े पैमाने की राजनीति के नजरिए से नहीं, बल्कि सांप्रदायिक हिंसा और विस्थापन से टूटे मानवीय रिश्तों के जरिए दिखाता है। कहानी एक ऐसे हिंदू परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है जिसे लाहौर से भारत आने पर मजबूर होना पड़ा। उन्हें एक मुस्लिम परिवार की छोड़ी हुई हवेली मिलती है, लेकिन अंदर जाने पर पता चलता है कि वहां अभी एक बुज़ुर्ग मुस्लिम महिला रह रही है।

सोनू निगम ने शास्त्रीय संगीत, भक्ति संगीत, गजल, कव्वाली, रॉक और पॉप संगीत जैसे कई तरह के गाने गाए हैं। उन्होंने अपने करियर में 32 से ज्यादा भाषाओं में 6,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए हैं।

उन्होंने 1990 के दशक की शुरुआत में अपने करियर की शुरुआत की। फिल्मों में उनका पहला गीत 1993 में रिलीज हुई ‘आजा मेरी जान’ का ‘ओ आसमान वाले’ था। इसके बाद टीवी धारावाहिक ‘तलाश’ के गीत ‘हम तो छैला बन गए’ से उन्हें पहचान मिली। बाद में ‘अच्छा सिला दिया’, ‘संदेशे आते हैं’ और ‘ये दिल दीवाना’ जैसे गीतों ने उन्हें बड़ी लोकप्रियता दिलाई।

वर्ष 1999 में उनका एल्बम ‘दीवाना’ काफी सफल रहा। 2002 में उन्होंने राजकुमार कोहली निर्देशित फैंटेसी एक्शन फिल्म ‘जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी’ में भी अभिनय किया था।

Exit mobile version