April 17, 2026
National

गिरिडीह में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद बवाल, आक्रोशित मायके वालों ने ससुराल में लगाई आग

A suspicious death of a married woman in Giridih sparked a commotion; her parents set her in-laws’ house on fire.

15 अप्रैल । झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चौधरीडीह श्यामनगर टोला में मंगलवार देर शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों के घर पर हमला कर आगजनी कर दी, जिससे पूरे इलाके में भारी तनाव फैल गया है।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, श्यामनगर टोला निवासी चंदन कुमार की 26 वर्षीय पत्नी बिंदिया देवी का शव घर के पास स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। घटना की खबर मिलते ही हजारीबाग जिले के बरही (घुटवाटांड) से मृतका के परिजन बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे।

अपनी बेटी की मौत से भड़के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते भीड़ ने घर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे घर में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस ने दलबल के साथ पहुंचकर उग्र भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया। दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने कुएं से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि मृतका और उसके ससुराल वालों के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके कारण विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, मायके पक्ष इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। गिरिडीह पुलिस के अनुसार, गांव में फिलहाल शांति है लेकिन एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, पुलिस आगजनी और कानून हाथ में लेने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी में है।

Leave feedback about this

  • Service