N1Live National मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में ‘डेंजर’ लिखा टिश्यू मिलने से हड़कंप, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला
National

मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में ‘डेंजर’ लिखा टिश्यू मिलने से हड़कंप, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला

A tissue with 'Danger' written on it was found on an IndiGo flight at Mumbai airport, but nothing suspicious was found.

1 अप्रैल । मुंबई एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब इंडिगो की एक फ्लाइट के टॉयलेट में ‘डेंजर’ लिखा हुआ टिश्यू पेपर मिला।

यह घटना उस समय सामने आई, जब इंडिगो की फ्लाइट संख्या 911 अगली उड़ान के लिए तैयार की जा रही थी। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया।

एयरपोर्ट स्टाफ ने तुरंत इस संदिग्ध जानकारी की सूचना मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम और नजदीकी पुलिस स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर जरूरी कदम उठाए गए। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया, जिसने फ्लाइट और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की।

जांच के दौरान विमान के टॉयलेट और अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली गई। लेकिन, किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और इसे एक शरारती हरकत माना जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि इससे यात्रियों और एयरपोर्ट की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है, इसलिए मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

मुंबई पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि टिश्यू पेपर पर ‘डेंजर’ किसने और क्यों लिखा। इसके लिए एयरपोर्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और एयरपोर्ट पर सभी सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Exit mobile version