N1Live National हजारीबाग में धारदार हथियार से युवक की हत्या, वारदात के विरोध में सड़क जाम
National

हजारीबाग में धारदार हथियार से युवक की हत्या, वारदात के विरोध में सड़क जाम

A young man was murdered with a sharp weapon in Hazaribagh, and the road was blocked in protest.

12 अप्रैल । झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान पसई गांव निवासी राजेश कुमार साव (40 वर्ष) के रूप में हुई है। अपराधियों ने राजेश की हत्या धारदार हथियार से करने के बाद साक्ष्य छिपाने और पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया था।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9:30 बजे राजेश के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। फोन पर बात करने के बाद वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया। जब राजेश देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रविवार को बानादाग कोल साइडिंग के समीप उनका लहूलुहान शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। हत्या की इस नृशंस वारदात से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बानादाग के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की। सड़क जाम होने के कारण बानादाग साइडिंग क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि शनिवार रात आखिरी फोन किसका आया था। पुलिस को आशंका है कि किसी जान-पहचान वाले ने ही साजिश के तहत राजेश को घर से बुलाया और वारदात को अंजाम दिया है।

Exit mobile version