24 अप्रैल । बिहार की राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। अशोक राज पथ स्थित पटना कॉलेज के पास रमना रोड के नजदीक नए बने डबल डेकर पुल से एक अज्ञात 22 से 23 साल की युवती ने नीचे कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि जैसे ही आसपास मौजूद लोगों ने यह देखा कि लड़की डबल डेकर पुल से लगा रही है, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को आनन-फानन में इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पी.एम.सी.एच.) में भर्ती कराया गया।
पटना टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि युवती की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज चल रहा है। लेकिन वह अभी पूरी तरह होश में नहीं है और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। डॉक्टर लगातार उसकी देखभाल कर रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, युवती के पास से कोई मोबाइल फोन या पहचान पत्र नहीं मिला है। सिर्फ एक सादा कागज मिला है, लेकिन उसमें भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है जिससे उसकी पहचान हो सके। इसी वजह से अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
डीएसपी ने बताया कि जैसे ही युवती होश में आएगी और अपनी जानकारी साझा करेगी, उसके परिजनों को तुरंत सूचना दी जाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से जांच रही है और आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक, युवती के शरीर पर कुछ चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उसे इमरजेंसी वार्ड में रखा गया है और विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती ने यह कदम किन कारणों से उठाया। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

