N1Live Entertainment ‘आशिकी 2’ के 13 साल पूरे, मोहित सूरी बोले- कुछ फिल्में सिर्फ बनती नहीं हैं, वे आपको बनाती हैं
Entertainment

‘आशिकी 2’ के 13 साल पूरे, मोहित सूरी बोले- कुछ फिल्में सिर्फ बनती नहीं हैं, वे आपको बनाती हैं

'Aashiqui 2' completes 13 years, Mohit Suri says - some films don't just get made, they make you

27 अप्रैल । फिल्ममेकर मोहित सूरी अपनी सुपरहिट फिल्म ‘आशिकी 2’ के 13 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म की मेकिंग के दौरान की कुछ अनदेखी तस्वीरें (बीटीएस) शेयर कीं और एक इमोशनल नोट भी लिखा, जिसने फैंस को फिर से उस दौर में पहुंचा दिया।

मोहित सूरी ने अपने पोस्ट में लिखा, “कुछ फिल्में सिर्फ बनती नहीं हैं… वे आपको बनाती हैं। सेट पर बिताया हर पल… हर खामोशी, हर आंसू, संगीत की हर धुन…ऐसा लगता था जैसे हम उसे सिर्फ़ बना नहीं रहे थे, बल्कि जी रहे थे। साल बीत गए, लेकिन उनकी गूंज आज भी बाकी है।”

उन्होंने कहा, “शुक्रिया अदा करने के लिए बहुत से लोग हैं। इतने ज्यादा कि मैं शायद कभी उन सबका नाम भी न ले पाऊं। लेकिन वे सभी इस फिल्म के अंदर ही बसते हैं। आज मेरे दिल में बस एक ही एहसास है शुक्रगुजारी का… उस प्यार के लिए जो इस फिल्म को मिला है और जिस तरह यह आज भी लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाती जा रही है।”

मोहित सूरी ने आगे कहा, “कुछ प्रेम कहानियां कभी खत्म नहीं होतीं। वे बस चलती रहती हैं। दिल के किसी कोने में, बार-बार दोहराई जाती हुई।”

इस फिल्म में आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर ने लीड रोल निभाया था। आदित्य ने राहुल जयकर का किरदार निभाया था, जो एक टैलेंटेड लेकिन परेशान सिंगर होता है और शराब की लत से जूझ रहा होता है। वहीं श्रद्धा कपूर ने आरोही का रोल किया, जो एक उभरती हुई सिंगर होती है। फिल्म में प्यार, त्याग, दर्द और रिश्तों की जटिलता को बहुत ही इमोशनल तरीके से दिखाया गया था, जो दर्शकों के दिलों को छू गया।

फिल्म का म्यूजिक भी इसकी सबसे बड़ी ताकत बना। खासकर अरिजीत सिंह का गाया ‘तुम ही हो’ आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा है। इस गाने और पूरे एल्बम ने उस समय म्यूजिक चार्ट्स पर राज किया था और अरिजीत सिंह को इंडस्ट्री के टॉप सिंगर्स में शामिल कर दिया।

‘आशिकी 2’ की सफलता ने बॉलीवुड में रोमांटिक म्यूजिकल जॉनर को फिर से जीवित कर दिया और आदित्य व श्रद्धा को बड़े सितारों शामिल कर दिया। यह फिल्म आज भी अपनी इमोशनल स्टोरी और यादगार गानों के लिए जानी जाती है।

वहीं, मोहित सूरी ने हाल ही में ‘सैयारा’ जैसी फिल्म से भी सफलता हासिल की, जिसमें उन्होंने नए चेहरों अहान पांडे और अनीत पड्डा को इंडस्ट्री में लॉन्च किया।

Exit mobile version