N1Live Entertainment ‘अरासन’ के सेट पर मनाया गया समुथिरकानी का जन्मदिन, अभिनेता को केक खिलाते दिखे योगी बाबू
Entertainment

‘अरासन’ के सेट पर मनाया गया समुथिरकानी का जन्मदिन, अभिनेता को केक खिलाते दिखे योगी बाबू

Samuthirakani's birthday was celebrated on the sets of 'Arasan'; Yogi Babu was seen feeding the actor cake.

26 अप्रैल । दक्षिण भारतीय सिनेमा में इन दिनों कई बड़ी फिल्मों को लेकर जबरदस्त चर्चा बनी हुई है। इस बीच निर्देशक वेत्रिमारन की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘अरासन’ को लेकर भी लंबे समय से दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म में अभिनेता सिलंबरासन मुख्य भूमिका में हैं।

अब फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है, जिसमें पूरी टीम राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता समुथिरकानी का जन्मदिन मनाती दिख रही है।

जन्मदिन के इस सेलिब्रेशन की तस्वीरें खुद समुथिरकानी ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर कीं। इन तस्वीरों में निर्देशक वेत्रिमारन, अभिनेता सिलंबरासन और अभिनेत्री एंड्रिया जेरेमिया भी दिखाई दे रहे हैं। सभी समुथिरकानी के बर्थडे केक कटने पर उन्हें विश कर रहे हैं। ये तस्वीरें फिल्म सेट की हैं।

एक अन्य तस्वीर में मशहूर कॉमेडियन योगी बाबू समुथिरकानी को केक खिलाते नजर आ रहे हैं।

अभिनेता सिलंबरासन ने हाल ही में फिल्म की शूटिंग दोबारा शुरू की है। कुछ दिन पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म के सेट से एक तस्वीर शेयर की थी। उस तस्वीर में वह निर्देशक वेत्रिमारन के साथ बातचीत करते दिखाई दिए।

दरअसल, फिल्म की शूटिंग को कुछ दिनों के लिए रोक दिया गया था। आईएएनएस सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता सिलंबरासन और मशहूर निर्माता इशारी के गणेश के बीच आर्थिक विवाद हो गया था, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया और उसका असर ‘अरासन’ की शूटिंग पर भी पड़ा। हालांकि अब विवाद खत्म होने के बाद शूटिंग फिर से शुरू हो चुकी है।

फिल्म में अभिनेता विक्रांत और बाल कलाकार कमलेश अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं। कमलेश ने हाल ही में ‘टूरिस्ट फैमिली’ में अपने अभिनय से दर्शकों की सराहना हासिल की थी। ऐसे में लोगों को उम्मीद है कि वह इस फिल्म में भी दमदार प्रदर्शन करेंगे।

इस समय चेन्नई में फिल्म की शूटिंग चल रही है। फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल पिछले साल दिसंबर में ‘कोविलपट्टी’ में पूरा किया गया था।

Exit mobile version