September 7, 2026
National

गोंडा में शराब सेल्समैन से 70 हजार की लूट का आरोपी मुठभेड़ में घायल, 19,500 रुपये बरामद

Accused of robbing ₹70,000 from a liquor salesman in Gonda injured in an encounter; ₹19,500 recovered.

गोंडा में शराब सेल्समैन से 70 हजार रुपये की लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी यश प्रताप सिंह की सोमवार तड़के पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लालपुर खालसा तिराहा के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर को गोंडा-लखनऊ हाईवे पर लालपुर चंद्रभान के पास रुद्रपुर विषय कंपोजिट शराब की दुकान के सेल्समैन अंकित गुप्ता के साथ लूट की वारदात हुई थी। आरोप है कि बदमाशों ने सेल्समैन के साथ मारपीट की और उनसे करीब 70 हजार रुपये लूट लिए। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इसी मामले में यश प्रताप सिंह फरार चल रहा था।

सोमवार तड़के तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि यश प्रताप सिंह लालपुर खालसा तिराहा के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 19,500 रुपये बरामद किए है। इसके अलावा उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक भी बरामद हुई है। पुलिस बरामद रकम और अन्य सामान को 4 सितंबर की लूट की घटना से जोड़कर जांच कर रही है।

मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें गोली लगने के बाद युवक जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है। पुलिसकर्मी उसे उठाते नजर आ रहे हैं और उसके पैर में गमछा बांधते दिखाई देते हैं। इसके बाद युवक को ले जाते समय उसकी जेब की तलाशी लेकर रुपये बरामद किए जाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि लूट की घटना का खुलासा करते हुए यश प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और जल्द उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service