N1Live Entertainment अभिनेत्री हिमांशी को मिली जान से मारने की धमकी, 10 करोड़ रंगदारी की मांग
Entertainment

अभिनेत्री हिमांशी को मिली जान से मारने की धमकी, 10 करोड़ रंगदारी की मांग

Actress Himanshi receives death threat, Rs 10 crore extortion demand

15 फरवरी )। पंजाब की मशहूर अभिनेत्री हिमांशी खुराना को जान से मारने की धमकी मिली है। गैंगस्टर जीशान अख्तर ने अभिनेत्री से 10 करोड़ की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक्ट्रेस से फोन और ईमेल के जरिए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अभिनेत्री की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

मोहाली के एसपी (डी) सौरभ जिंदल ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। ये एफआईआर सोहाना थाने में दर्ज की गई है। अधिकारी ने कहा कि धमकी ईमेल के माध्यम से आई है। एफआईआर में आरोपी के रूप में गैंगस्टर जीशान अख्तर का नाम शामिल है।

अभिनेत्री ने पुलिस को बताया, “मैं म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करती हूं। मुझे 12 फरवरी को रात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर मेरी ईमेल आईडी पर मेल आया था, जिसमें उस व्यक्ति ने ऑडियो भेजा था। इस ऑडियो में उसने मारने की धमकी दी और 10 करोड़ रुपये मांगे। फिर 13 फरवरी को शाम करीब 6 बजकर 18 मिनट पर एक और धमकी भरा मेल ईमेल आया, जिसमें उसने मुझे फिर से जान से मारने की धमकी दी और रंगदारी मांगी। फिर 13 फरवरी को रात करीब 11 बजकर 34 मिनट पर हमारी टीम और मेरे फोन पर एक मिस्ड कॉल, मैसेज और ऑडियो नोट आया।”

अभिनेत्री ने बताया कि वे किसी जीशान अख्तर नाम के व्यक्ति को नहीं जानती है। उन्होंने कहा, “फिलहाल, मुझे किसी सुरक्षा की आवश्यकता नहीं है। अगर मुझे किसी काम से बाहर जाना पड़ा, तो मैं आपको सूचित करूंगी।”

पुलिस स्टेशन सोहाना में जीशान अख्तर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एफआईआर और स्पेशल रिपोर्ट तैयार करने के बाद, पुलिस कांस्टेबल गगनदीप सिंह ने उस नंबर को सर्विलांस के लिए आगे भेज दिया है।

अभिनेत्री हिमांशी खुराना ने 16 साल की उम्र में मिस लुधियाना का खिताब जीता और 2010 में पंजाबी फिल्म ‘साड्डा हक’ से अभिनय की शुरुआत की थी, जिसके बाद वह फिल्म ‘लेदर लाइफ’ और ‘अफसर’ समेत कई फिल्मों में नजर आईं थीं। हिमांशी को फिल्मों के साथ-साथ कई म्यूजिक वीडियो में भी देखा जा चुका है। वह बिग बॉस 13 में भी नजर आई थीं, जहां उनका रिश्ता असीम रियाज के साथ जुड़ा था। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया था।

Exit mobile version