July 15, 2026
Entertainment

15 साल बाद शंकर महादेवन ने खोला ‘सेनोरिटा’ का राज, जब बिना बताए रिकॉर्ड कर ली थी अभय देओल की आवाज

After 15 years, Shankar Mahadevan reveals the secret behind ‘Senorita’—how Abhay Deol’s voice was recorded without him knowing.

15 जुलाई । मशहूर संगीतकार और गायक शंकर महादेवन ने फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ के लोकप्रिय गीत ‘सेनोरिटा’ से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। फिल्म के 15 साल पूरे होने के मौके पर उन्होंने बताया कि इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान अभिनेता अभय देओल इतने घबराए हुए थे कि उन्हें बिना बताए ही उनका फाइनल टेक रिकॉर्ड कर लिया गया था। आईएएनएस से बातचीत में महादेवन ने बताया कि कैसे यह गाना एक साधारण सिचुएशनल ट्रैक से शुरू होकर फिल्म का सबसे यादगार गीत बन गया।

आईएएनएस से बातचीत में शंकर महादेवन ने कहा, ”शुरुआत में ‘सेनोरिटा’ गाने को सिर्फ एक सिचुएशनल सॉन्ग के तौर पर तैयार किया जा रहा था। फिल्म के एक सीन में, जिसमें तीनों दोस्त थोड़ा नशे में होते हैं और स्पेन के एक गांव से गुजरते हुए वहां बज रहे लोकल म्यूजिक पर थिरकने लगते हैं। इस दौरान वह भारतीय अंदाज की जुगलबंदी का तड़का भी लगाते हैं। यही सोच इस गाने की शुरुआत थी।”

उन्होंने कहा, ”जैसे-जैसे गाने पर काम आगे बढ़ा, संगीतकार एहसान और लॉय को महसूस हुआ कि यह गाना कुछ खास बनने वाला है। इसके बाद उन्होंने गाने की धुन और खासकर इसके हुक लाइन पर काफी मेहनत की। पहले एक धुन बनाई गई, फिर दूसरी और आखिर में दोनों का मिक्सअप तैयार किया गया। इसी दौरान गीतकार जावेद अख्तर ने ‘सेनोरिटा’ शब्द सुझाया, जिसने इस गाने को एक अलग पहचान दे दी।”

शंकर महादेवन ने बताया, “जब गाना तैयार होने लगा तो हमने तय किया कि इसे फिल्म के तीनों मुख्य कलाकार – ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल – की आवाज में रिकॉर्ड किया जाएगा। फरहान अख्तर पहले से ही अच्छे गायक हैं, इसलिए उनके लिए यह आसान था। वहीं, ऋतिक रोशन की गायकी से भी मैं पहले से परिचित था। ऋतिक ने मुझे अपनी फिल्म ‘गुजारिश’ का गाना ‘व्हाट अ ब्यूटीफुल वर्ल्ड’ सुनाया था। इससे मुझे लगा कि ऋतिक की आवाज इस गाने के लिए बिल्कुल सही रहेगी।”

उन्होंने आगे कहा, ”हालांकि सबसे बड़ी चुनौती अभय देओल थे। अभय माइक्रोफोन के सामने आने को लेकर काफी घबराए हुए थे और उन्हें भरोसा ही नहीं था कि वह गा पाएंगे। वह रिकॉर्डिंग के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। तब मैंने उन्हें एक अलग तरीके से मनाने का फैसला किया। मैंने अभय से कहा कि वह स्टूडियो सिर्फ रिहर्सल के लिए आएं। अगर अभ्यास अच्छा रहा तो बाद में असली रिकॉर्डिंग की जाएगी। अभय इस बात पर राजी हो गए, लेकिन उन्होंने पहले ही कह दिया कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी आवाज अच्छी नहीं लगेगी।”

महादेवन ने बताया, ”स्टूडियो पहुंचने के बाद मैंने उन्हें सिर्फ इतना कहा कि मैं जो गाऊं, वही मेरे पीछे-पीछे दोहराते जाओ। अभय को पूरा भरोसा था कि यह सिर्फ अभ्यास है, इसलिए उन्होंने बिना किसी दबाव के गाना गाया। लेकिन असल में उसी दौरान उनकी फाइनल रिकॉर्डिंग की जा रही थी।”

महादेवन ने बताया कि जब अभय रिकॉर्डिंग बूथ से बाहर आए तो उन्होंने कहा कि काम पूरा हो गया है। यह सुनकर अभय ने हैरानी से पूछा कि असली रिकॉर्डिंग के लिए उन्हें दोबारा कब आना होगा। तब महादेवन ने मुस्कुराते हुए कहा कि रिकॉर्डिंग तो पहले ही हो चुकी है और अब उन्हें तैयार गाने में अपनी आवाज सुनने को मिलेगी। यह सुनकर अभय पहले तो चौंक गए, लेकिन बाद में काफी खुश भी हुए।

बता दें कि ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ का निर्देशन जोया अख्तर ने किया था, जबकि फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने इसे एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया था। फिल्म में ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर, अभय देओल, कटरीना कैफ और कल्कि कोचलिन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।

Leave feedback about this

  • Service