N1Live Entertainment ‘गैंगस्टर’ के बाद लगातार नीचे जा रहा था करियर, ‘फैशन’ ने बदल दी कंगना रनौत की किस्मत
Entertainment

‘गैंगस्टर’ के बाद लगातार नीचे जा रहा था करियर, ‘फैशन’ ने बदल दी कंगना रनौत की किस्मत

After 'Gangster', her career was on a downward spiral; 'Fashion' changed Kangana Ranaut's fortunes.

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत आज इंडस्ट्री की सबसे प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने अपने करियर में कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जिन्हें दर्शक आज भी याद करते हैं। इन्हीं में से एक था फिल्म ‘फैशन’ में शोनाली गुजराल का किरदार। इस फिल्म में कंगना ने एक ऐसी सफल मॉडल की भूमिका निभाई थी, जिसकी जिंदगी नशे की लत की वजह से बर्बाद हो जाती है। उनके इस अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने खूब सराहा था। इन दिनों उनका एक इंटरव्यू तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के ‘द अनुपम खेर शो- कुछ भी हो सकता है’ में कंगना ने अपने करियर के मुश्किल दौर को याद किया। उन्होंने कहा, ”’गैंगस्टर’ और ‘वो लम्हे’ जैसी फिल्मों के बाद भी मेरा करियर वैसी रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा था, जैसी मैंने उम्मीद की थी। मुझे लगने लगा था कि मेरा करियर धीरे-धीरे नीचे जा रहा है और मुझे खुद को साबित करने के लिए एक बड़े मौके की जरूरत है।”

कंगना ने कहा, ”मेरे लिए ‘फैशन’ फिल्म एक बड़ा मौका था, लेकिन मुझे डर था कि अगर इस फिल्म में मेरा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, तो मेरे लिए आगे का रास्ता और मुश्किल हो सकता है। मैंने अपने किरदार की तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी और पूरी मेहनत के साथ खुद को इस भूमिका में ढालने की कोशिश की।”

कंगना ने बताया, ”मैं घर में भी ऊंची हील्स पहनकर चलने की प्रैक्टिस करती थीं ताकि एक मॉडल की चाल-ढाल को अच्छी तरह समझ सकूं। इसके अलावा, मैंने सिगरेट पीने की एक्टिंग की प्रैक्टिस की, नशे से जुड़ी जानकारी जुटाई और उन लोगों से भी मुलाकात की जो कोकीन की लत का शिकार रह चुके थे।”

कंगना ने कहा, ”मेरे मन में लगातार यह बात चल रही थी कि यह मेरे करियर का आखिरी बड़ा मौका हो सकता है। यही सोच मुझे लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित करती रही। मैंने पूरी लगन और ईमानदारी के साथ इस किरदार को निभाया और उसका नतीजा भी मुझे शानदार मिला।”

बता दें कि फिल्म रिलीज होने के बाद कंगना के अभिनय की हर तरफ चर्चा होने लगी। दर्शकों से लेकर फिल्म समीक्षकों तक, सभी ने उनके काम की तारीफ की थी। इस फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का सम्मान भी मिला था। इस फिल्म में उनके साथ मुख्य किरदार में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी थीं। प्रियंका के अभिनय को भी काफी सराहना मिली और उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला।

Exit mobile version