N1Live National ‘एआईसीसी की हर चीज पर नजर,’ बिहार और कर्नाटक एमएलसी चुनाव नतीजों पर बोले अखिलेश प्रसाद
National

‘एआईसीसी की हर चीज पर नजर,’ बिहार और कर्नाटक एमएलसी चुनाव नतीजों पर बोले अखिलेश प्रसाद

बिहार और कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के नतीजों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने दोनों राज्यों के परिणामों पर प्रतिक्रिया दी। बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजों और कांग्रेस के प्रदर्शन पर अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि पूरे परिणाम अभी आने बाकी हैं। परिणाम आने के बाद ही समीक्षा होगी। इसका सही जवाब प्रदेश अध्यक्ष और प्रभारी ही दे सकते हैं।

उन्होंने कहा, “बिहार कांग्रेस में मेरी कोई भूमिका नहीं है, मैं ना तीन में ना तेरह में हूं। एआईसीसी हर चीज पर नजर रखती है। एआईसीसी ही फैसला करेगी कि कैंडिडेट चयन में या कहीं और कोई गड़बड़ी हुई है या नहीं।”

कर्नाटक में डी.के. शिवकुमार के प्रचार के बावजूद कांग्रेस को मिली हार और एनडीए द्वारा चारों एमएलसी सीटें जीतने पर अखिलेश प्रसाद ने कहा कि यह जनता का चुनाव नहीं है। जो लोग अपने वोटर्स बनाते हैं, उसी कैप्टिव वोटर्स में चुनाव होता है। हो सकता है उन्होंने ज्यादा वोटर्स बनाए हों।

दिल्ली के लाल किले से बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य बड़े नेताओं द्वारा विपक्षी दलों के खिलाफ निकाले जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च पर अखिलेश प्रसाद सिंह ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा, “लोकतंत्र स्थापित ही कांग्रेस पार्टी ने किया है। हमारे पुरखों ने देश को आजादी दिलाई है। इस तरह का सवाल और एजेंडा खड़ा करना बेबुनियाद है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी डरी हुई है क्योंकि ‘वोट चोरी’ पकड़ी गई है। पहले लोग आराम से चुनाव जीत जाते थे, लेकिन अब जब चोरी पकड़ी गई है तो वे सदमे में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर ‘साइलेंट पार्लियामेंट’ कार्यक्रम आयोजित किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब शासन-प्रशासन परमिशन नहीं देगा तो कार्यक्रम कहीं न कहीं तो करना ही है, इसलिए पार्टी अध्यक्ष के घर में यह कार्यक्रम होगा।

Exit mobile version