May 21, 2026
National

दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट ‘टेल स्ट्राइक’ का शिकार, बाल-बाल बचे 179 यात्री-क्रू

Air India flight from Delhi to Bengaluru suffers tail strike, 179 passengers and crew have a narrow escape

21 मई । दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टेल स्ट्राइक का शिकार हो गई। एयर इंडिया ने बताया कि यह घटना विमान की लैंडिंग के दौरान हुई। हालांकि, विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर बाल-बाल बच गए।

एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 2651 में 179 यात्री सवार थे। बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के पिछले हिस्से में किसी चीज के टकराने के बाद उसे रोक दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि विमान सुरक्षित रूप से लैंड हुआ और सभी यात्री एवं क्रू मेंबर सामान्य रूप से फ्लाइट से उतरे।

घटना के बाद फ्लाइट को जांच के लिए रोका गया। एयर इंडिया ने कहा कि मामले की जांच निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार की जाएगी। विमान के उड़ान भरने में असमर्थ होने के कारण बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी उड़ान एआई2652 रद्द कर दी गई।

एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बता दें कि नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हाल में कहा कि अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच अंतिम चरण में है, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी। एक महीने के भीतर जांच पूरी होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि यह जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) द्वारा की जा रही है और हम इसमें हस्तक्षेप नहीं करते हैं। हम उन्हें सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहे हैं।”

जांच में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर देते हुए नायडू ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय जांच के अधीन होगी, क्योंकि दुर्घटनाग्रस्त विमान में विदेशी नागरिक भी सवार थे।

एएआईबी ने 12 जुलाई 2025 को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी थी।

पीड़ितों के कुछ परिवारों द्वारा एयरलाइन से संचार की कमी और मुआवजे में देरी के संबंध में उठाई गई चिंताओं का जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि मंत्रालय स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और एयर इंडिया के साथ संपर्क में है।

यह दुखद दुर्घटना 12 जून 2025 को हुई, जब एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 के रूप में संचालित बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे 23 से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरी।

Leave feedback about this

  • Service