November 11, 2026
National

असम में हुए रेल हादसे में सभी यात्री सुरक्षित, चार को मामूली चोटें: मुख्यमंत्री हिमंता

गुवाहाटी के पास दिगारू में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं। 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “सभी यात्री सुरक्षित हैं। 4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। हम इस स्थिति को लेकर रेल मंत्रालय (भारत) के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। फंसे हुए सभी यात्रियों को जरूरी चीजें उपलब्ध करा दी गई हैं और उनकी आगे की यात्रा के लिए एक दूसरी ट्रेन का इंतजाम कर दिया गया है।”

इससे पहले, भारतीय रेलवे ने इस घटना को लेकर विस्तृत जानकारी शेयर की। रेलवे के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह लगभग 6.54 बजे हुई, जब कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13125) को असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर किसी दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। उसी समय लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सके। इसके परिणामस्वरूप ट्रेन पटरी से उतर गई, जिसमें इंजन और 5 कोच पटरी से उतर गए।

भारतीय रेलवे ने शुरुआत में बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजाम किया गया है। रेलवे ने कहा, “राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। एन. एफ. रेलवे के महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, ताकि बहाली के काम की निगरानी की जा सके।”

भारतीय रेलवे ने यह भी जानकारी दी कि ट्रेन के पटरी से उतरने के कारण दो ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ है। इनमें ट्रेन संख्या 12067 (गुवाहाटी-जोरहाट टाउन) जन शताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी में रोका गया है। वहीं, ट्रेन संख्या 15627 (कोयंबटूर-सिलचर) एक्सप्रेस को पानीखैती में रोका गया है।

–

Leave feedback about this

  • Service