अभिनेत्री अमृता बागची वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द कारगिल वॉर’ में स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा की पत्नी अलका आहूजा के किरदार में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में अभिनेत्री दीया मिर्जा की सराहना करते हुए कहा कि वे बहुत हमदर्द इंसान हैं, जो कि उनके परफॉर्मेंस में भी देखने को मिलती है।
अभिनेत्री और पर्यावरण कार्यकर्ता दीया मिर्जा सीरीज में विंग कमांडर बी.एस. धनोआ की पत्नी कमलप्रीत कौर धनोआ के किरदार में नजर आ रही हैं। अमृता बागची ने दीया मिर्जा के साथ काम करने के अनुभव के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “जब भी आप दीया के साथ कोई सीन करते हैं, तो वह पहले से ही सीन के इमोशन में पूरी तरह से शामिल होती हैं। उनके साथ, बस यह रिएक्ट करने की बात थी कि वह क्या कर रही हैं।”
सीरीज में अभिनेता सिद्धार्थ ने स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा और अमृता बागची के पति का किरदार निभाया है। अभिनेत्री अमृता बागची ने सिद्धार्थ के साथ काम करने को लेकर कहा कि वे हायरार्की में विश्वास नहीं करते, इसलिए उनके साथ काम करना आसान हो जाता है।
अभिनेत्री ने कहानी को लेकर सिद्धार्थ के नजरिए पर बात करते हुए कहा, “उनकी प्रायोरिटी हमेशा सीन ही होती है। हम सीन में क्या हासिल कर रहे हैं? कहानी का टॉपिक क्या है? यह सीन क्यों जरूरी है? एक बार जब आप इन चीजों को समझ जाते हैं, तो आप सीन को प्रायोरिटी देते हैं और मिलकर काम करते हैं। वह खुद को सेंटर ऑफ अटेंशन में नहीं रखते, बल्कि डायरेक्टर और बाकी सभी को सेंटर में रखते हैं।”
उन्होंने कहा, “इसलिए जब भी मैंने कुछ नया करने की कोशिश की, अगर उन्हें अंदर से लगा कि वह सीन या रैप को बेहतर बना सकते हैं तो वह तुरंत उसे दूसरे लेवल पर ले जाते थे। यही उनकी स्पेशलिटी है।”
‘ऑपरेशन सफेद सागर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ द कारगिल वॉर’ का निर्देशन ओनी सेन ने किया है। यह सीरीज 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के ऐतिहासिक और चुनौतीपूर्ण हवाई अभियानों की सच्ची गाथा बयां करती है। सीरीज 7 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।

