N1Live Entertainment अमृता राव: सादगी और अभिनय से जीता दर्शकों का दिल, ‘पूनम’ के किरदार ने दिलाई घर-घर में पहचान
Entertainment

अमृता राव: सादगी और अभिनय से जीता दर्शकों का दिल, ‘पूनम’ के किरदार ने दिलाई घर-घर में पहचान

Amrita Rao: Her simplicity and acting won the hearts of the audience; her character of 'Poonam' made her a household name.

सिनेमा जगत में कई अभिनेत्रियां आईं और गईं, लेकिन कुछ चेहरे ऐसे होते हैं जो अपनी सादगी और सहज अभिनय के कारण लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में बने रहते हैं। अभिनेत्री अमृता राव भी उन्हीं सितारों में शामिल हैं। खासकर फिल्म ‘विवाह’ में निभाए गए ‘पूनम’ के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। कम फिल्मों में काम करने के बावजूद अमृता ने अपनी अलग छाप छोड़ी।

7 जून 1981 को मुंबई में जन्मीं अमृता राव का पालन-पोषण एक पारंपरिक कोंकणी परिवार में हुआ। शुरुआती शिक्षा मुंबई के अंधेरी स्थित एक स्कूल से पूरी करने के बाद उन्होंने सोफिया कॉलेज में साइकोलॉजी विषय से ग्रेजुएशन की पढ़ाई शुरू की। हालांकि मॉडलिंग की दुनिया उन्हें अपनी ओर खींच रही थी। इसी वजह से उन्होंने पढ़ाई अधूरी छोड़कर मॉडलिंग में करियर बनाने का फैसला किया।

शुरुआत में अमृता कई विज्ञापनों में नजर आईं। धीरे-धीरे उनकी पहचान बढ़ी और उन्हें म्यूजिक वीडियो में भी काम करने का मौका मिला। कैमरे के सामने उनका आत्मविश्वास और सहजता लोगों को पसंद आने लगी। इसी दौरान फिल्म निर्माताओं की नजर भी उन पर पड़ी और उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खुल गए।

साल 2002 में अमृता ने फिल्म ‘अब के बरस’ से बॉलीवुड में कदम रखा। पहली ही फिल्म में उन्होंने अपने अभिनय से लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद उनका करियर लगातार आगे बढ़ता गया। वर्ष 2003 में रिलीज हुई ‘इश्क विश्क’ उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने शाहिद कपूर के साथ काम किया और दोनों की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई। फिल्म की सफलता के बाद अमृता युवा दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो गईं।

इसके बाद उन्होंने ‘मस्ती’, ‘मैं हूं ना’, ‘वाह लाइफ हो तो ऐसी’, ‘शिखर’ और ‘प्यारे मोहन’ जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, उनकी सबसे यादगार फिल्मों में ‘विवाह’ का नाम सबसे ऊपर आता है। राजश्री प्रोडक्शंस की इस फिल्म में उन्होंने ‘पूनम’ का किरदार निभाया था। उनकी सादगी, पारिवारिक संस्कार और सहज अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया। आज भी कई लोग उन्हें ‘पूनम’ के नाम से याद करते हैं।

अमृता ने केवल हिंदी फिल्मों तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने तेलुगू सिनेमा में भी काम किया और अभिनेता महेश बाबू के साथ फिल्म ‘अतिथि’ में नजर आईं। इस फिल्म को भी दर्शकों ने पसंद किया। इसके बाद अमृता ने ‘वेलकम टू सज्जनपुर’, ‘जॉली एलएलबी’, ‘सिंह साहब द ग्रेट, ‘सत्याग्रह’ और ‘ठाकरे’ जैसी फिल्मों में भी अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दिया।

निजी जीवन की बात करें तो अमृता ने लंबे समय तक रेडियो जॉकी अनमोल सूद को डेट किया। दोनों ने साल 2016 में बेहद सादगी से शादी की। अमृता एक बेटे की मां हैं, जिसका नाम उन्होंने वीर रखा है। शादी के बाद अमृता ने फिल्मों से कुछ दूरी बना ली और परिवार को प्राथमिकता दी।

इन दिनों अमृता राव अपने पति आरजे अनमोल के साथ ‘कपल ऑफ थिंग्स’ नाम का यूट्यूब चैनल चलाती हैं। इस मंच के जरिए वह अपने जीवन से जुड़े अनुभव साझा करती हैं और कई चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू भी करती हैं।

Exit mobile version