November 13, 2026
National

ओवैसी-चंद्रशेखर की पार्टी के गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, जनता को सिर्फ हम पर भरोसा : सपा

अयोध्या से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अवधेश प्रसाद, अक्षय यादव और पार्टी प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह ने एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन तथा आजम खान की सुरक्षा को लेकर प्रतिक्रियाएं दी। सपा के नेताओं ने कहा कि ओवैसी-चंद्रशेखर की पार्टी के गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन के ऐलान पर कहा, “प्रदेश की जनता, आवाम का विश्वास आज की तारीख में केवल-केवल समाजवादी पार्टी और केवल-केवल अखिलेश यादव पर है। जनता को विश्वास है कि यही पार्टी भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाने की ताकत रखती है और जनसमर्थन रखती है। दूसरी पार्टी या दूसरे नेता की न कोई चर्चा है, न जनता उनसे कोई उम्मीद करती है। केवल भरोसा है कि भारतीय जनता पार्टी को अगर हटाने की आज शक्ति है, जनसमर्थन है और लोगों की चाहत है, तो वह केवल-केवल समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव में है।”

आजम खान को लेकर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के बयान पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी आजम खान को तरह-तरह से प्रताड़ित कर रही है। उन्हें तमाम जेलों में बंद किया गया है। उनकी जान को खतरा है, जबकि उनके ऊपर बेबुनियाद मामले गढ़े गए हैं, जिन पर कोई विश्वास ही नहीं कर सकता। किताब की चोरी, मुर्गे की चोरी, साइकिल की चोरी- इस तरह की तमाम मनगढ़ंत कहानियां गढ़कर उन्हें जेलों में रखा गया है। उनकी स्थिति भी अच्छी नहीं है। उनकी जान को खतरा है। हम समाजवादी पार्टी के लोग और अखिलेश यादव उनकी हर तरह से चिंता करते हैं और पूरी पार्टी हर तरह से उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी है।”

सपा सांसद अक्षय यादव ने ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन के ऐलान पर कहा, “लोकतंत्र है, कोई भी गठबंधन कर सकता है और चुनाव लड़ सकता है। यहां पर चुनाव समाजवादी पार्टी जीतने जा रही है, यह सबसे बड़ी बात है।”

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह ने कहा, “आजादी के इतने सालों बाद भी, जिस देश और राज्य में सभी के लिए अच्छी शिक्षा उपलब्ध नहीं हो पाई है, वहां आजम खान ने बच्चों को शिक्षित करने के लिए एक बेहतरीन यूनिवर्सिटी बनाई। फिर भी, उन्हें इसके लिए सजा दी जा रही है। जिस तरह से इतने वरिष्ठ नेता को कई मामलों में फंसाकर निशाना बनाया जा रहा है, वह लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। तानाशाही ऐसी ही होती है और भाजपा सरकार इसी तरह के तानाशाहीपूर्ण तरीकों का इस्तेमाल कर रही है।”

Leave feedback about this

  • Service