August 12, 2026
National

आंध्र प्रदेश सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध: चंद्रबाबू नायडू

Andhra Pradesh government committed to a better future for the youth: Chandrababu Naidu

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की भी बधाई दी। चंद्रबाबू नायडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मेरे युवा दोस्तों, आप ​​हमारी ऊर्जा हैं। आप हमारी ताकत हैं। आप आने वाले कल की उम्मीद और भरोसा हैं। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर मैं एक ऐसा भविष्य बनाने के हमारे संकल्प को दोहराता हूं, जहां हर युवा को अपना रास्ता चुनने और अपनी पसंद की जिंदगी जीने की स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और अवसर मिले।”

उन्होंने आगे लिखा, “आज हम जो कुछ भी कर रहे हैं, उसका मकसद आखिरकार आपके लिए एक बेहतर भविष्य बनाना है। एक ऐसा भविष्य जहां आपके पास अधिक अवसर हों, सपने देखने की स्वतंत्रता हो और उन सपनों को सच करने के लिए जरूरी सहयोग मिले। मैं आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं और इस भविष्य को मिलकर आकार देने में मेरे साथ शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।”

राज्य के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा, “युवा सिर्फ भारत का भविष्य ही नहीं हैं। वे उस ऊर्जा, साहस और कल्पना-शक्ति का स्रोत हैं जो भारत के वर्तमान को आकार दे रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर मैं उन युवा सोच वाले लोगों को प्रणाम करता हूं जो आम सोच से हटकर सपने देखने, असंभव लगने वाली चीजों पर सवाल उठाने और विचारों को हकीकत में बदलने का साहस रखते हैं।”

पवन कल्याण ने आगे कहा, “जिस युवा के मन में ज्ञान, दिल में साहस और कर्म में चरित्र हो, वह एक परिवार, एक समुदाय और अंततः पूरे देश को बदल सकता है। हर नवाचार, हर नया विचार, साहस का हर काम और लक्ष्य के साथ उठाया गया हर कदम हमें उस भारत के करीब ले जाता है, जिसे बनाने का हम सपना देखते हैं।”

जनसेना पार्टी के प्रमुख ने पोस्ट में लिखा, “मैं अपने देश के युवाओं से कहता हूं कि बड़े सपने देखें। लगातार सीखते रहें। निडर होकर नई चीजें बनाएं। सही चीज के लिए मजबूती से खड़े रहें। आपका हुनर ​​ही आपकी ताकत है। आपके विचार ही आपकी शक्ति हैं। आपका दृढ़ संकल्प ही वह ताकत है जो आने वाले कल के भारत को आकार देगी। आइए, हम ऐसी पीढ़ी तैयार करें जो बदलाव का इंतजार न करे, बल्कि खुद बदलाव बने।”

Leave feedback about this

  • Service