May 11, 2026
Haryana

कुरुक्षेत्र स्थित एनआईटी में फिर आत्महत्या की घटना, मेस कर्मचारी ने दी जान

Another suicide incident at NIT Kurukshetra, mess employee commits suicide

11 मई । हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) में सोमवार सुबह एक और आत्महत्या का मामला सामने आया। हॉस्टल नंबर-4 की मेस में काम करने वाले कर्मचारी ने फंदा लगाकर जान दे दी।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी कौशल के रूप में हुई है। वह मेस में रोटी बनाने का काम करता था।

घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। कर्मचारियों और छात्रों ने मेस के पीछे बने हिस्से में उसका शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत संस्थान प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कौशल पिछले कुछ समय से मेस में काम कर रहा था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

एनआईटी कुरुक्षेत्र में लगातार सामने आ रहे आत्महत्या के मामलों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले बीते करीब दो महीनों के दौरान चार छात्र आत्महत्या कर चुके हैं। अब मेस कर्मचारी की मौत के बाद संस्थान का माहौल फिर से गंभीर हो गया है। छात्रों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा बनी रही। लगातार हो रही घटनाओं के कारण कैंपस में मानसिक दबाव और माहौल को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि संस्थान प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है।

मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। थर्ड गेट चौकी इंचार्ज विनोद कुमार का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Leave feedback about this

  • Service