April 10, 2026
Entertainment

15 साल बाद घर आए थे अरिजीत सिंह, सोनू निगम ने ताजा कीं खूबसूरत यादें

Arijit Singh came home after 15 years, Sonu Nigam refreshed the beautiful memories

10 अप्रैल । गायक सोनू निगम ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पुराने वीडियो को पोस्ट किया, जिसमें वह अरिजीत सिंह के साथ की यादों को ताजा करते और उनके साथ बिताए पलों का आनंद उठाते नजर आए। सोनू निगम ने बताया कि लगभग 15 साल के लंबे अंतराल के बाद अरिजीत सिंह उनके घर आए थे। इस मुलाकात को सोनू निगम ने काफी खास बताया।

इस मुलाकात की याद में सोनू निगम ने कई फोटो भी पोस्ट कीं। उन्होंने लिखा, “मेरा प्यारा अरिजीत मेरे घर आया। इन सालों में उसकी इस यात्रा पर मुझे बहुत गर्व है। वह अच्छी तरह जानता है कि मैं उससे कितना प्यार करता हूं।”

अरिजीत सिंह इस मौके पर सोनू निगम के लिए एक पौधा गिफ्ट के तौर पर लेकर आए थे, जो अब सोनू निगम के घर के मंदिर में रखा हुआ है और मंदिर की शोभा बढ़ा रहा है। सोनू निगम ने इस पौधे का जिक्र करते हुए कहा कि यह उनकी मुलाकात की याद को और खास बना रहा है।

मुलाकात के दौरान दोनों गायकों के बीच संगीत पर चर्चा भी हुई और कुछ परफॉर्मेंस भी हुईं, जिससे यह पल और यादगार हो गया। सोनू निगम के छोटे बेटे शाश्वत और मैजिक भी वहां मौजूद थे। सोनू ने बताया कि शाश्वत ने सीटी बजाकर ‘सूना सूना’ गाना गाया, जिसे देखकर सबका मन खुश हो गया। उन्होंने कहा कि वे शायद शाश्वत का यह वीडियो भी जल्द शेयर करेंगे।

वहीं, सोनू निगम ने अरिजीत सिंह की संगीत यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें उनकी प्रगति पर बहुत गर्व है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा करके अपने प्रशंसकों को चौंका दिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने नए गाने लेना बंद कर दिया है, लेकिन पहले से पेंडिंग गाने अभी भी रिलीज होते रहेंगे। उन्होंने अपने प्रशंसकों से अपील की कि वे शांत रहें और उन्हें प्यार देते रहें।

Leave feedback about this

  • Service