April 2, 2026
Entertainment

साहिबा बाली के पुराने वीडियो पर भड़के अशोक पंडित ने माफी की मांग की

Ashoke Pandit, enraged by Sahiba Bali’s old video, demands an apology.

2 अप्रैल । अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर साहिबा बाली इन दिनों सोशल मीडिया पर भारी आलोचना का सामना कर रही हैं। पुराने वीडियो क्लिप्स वायरल होने के बाद उन्हें लोगों की तरफ से कड़ी निंदा का सामना करना पड़ रहा है।

दरअसल, अभिनेत्री ने कुछ साल पहले एक पॉडकास्ट के दौरान फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को ‘खराब’ और ‘प्रोपेगेंडा’ बताया था। साथ ही, अपनी पाकिस्तान यात्रा की जमकर तारीफ की थी। उनका यह वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिस वजह से उन पर देश विरोधी का आरोप लगाया जा रहा है। बुधवार को साहिबा की वायरल क्लिप पर निर्देशक अशोक पंडित ने प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उन्होंने साहिबा बाली और पॉडकास्ट होस्ट साइरस ब्रोचा की कड़ी निंदा की। वीडियो में अशोक पंडित कहते हैं, “एक पुराना पॉडकास्ट वायरल हो रहा है, जिसमें साइरस ब्रोचा के साथ साहिबा बाली मेहमान हैं। साहिबा खुद को कश्मीरी बताती हैं। इस पॉडकास्ट में अभिनेत्री ने कश्मीर फाइल्स के बारे में बहुत अजीब और बेतुके तरीके से बात की है। वे कश्मीरी पंडितों के नरसंहार का सम्मान नहीं कर रही हैं या शायद समझ नहीं पा रही हैं।”

अशोक ने आगे कहा कि साहिबा एक अच्छी अभिनेत्री हैं और कई वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं, लेकिन कश्मीर के इतिहास से अनजान लगती हैं। उन्हें नहीं पता कि कश्मीरी पंडितों के साथ जातीय सफाया (एथनिक क्लीनजिंग) हुआ था। हजारों परिवारों को घर छोड़कर भागना पड़ा था। उन्होंने कहा, “साहिबा जी, आप किस दुनिया में जी रही हैं? क्या आपको 1990 के उन दिनों की खबरें नहीं पता? जब गिरजा टिक्कू जैसी महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुए और हत्याएं हुई थीं। पंडित टिकला टप्पुर जैसी घटनाएं हुईं। कुलडाला जैसे इलाकों में क्या हुआ, यह सब आपको पता होना चाहिए।”

निर्देशक ने कहा कि साहिबा का जन्म कश्मीर में नहीं हुआ और वे वहां नहीं रहीं, शायद इसलिए उन्हें वहां की सच्चाई का अंदाजा नहीं है। उन्होंने साहिबा को सलाह देते हुए कहा कि यूट्यूब पर कश्मीरी पंडितों की डॉक्यूमेंट्री देखें। उन्होंने कहा, “आप एयर कंडीशंड कमरों में आराम से बैठकर इन घटनाओं का मजाक उड़ा रही हैं, लेकिन जो लोग इससे गुजरे थे, उनके लिए यह बहुत दर्दनाक था।”

उन्होंने कहा, “आप अपनी जिंदगी जैसे चाहें जी सकते हैं, इसमें हमें कोई दिक्कत नहीं है। हमें इससे कोई आपत्ति भी नहीं है लेकिन प्लीज साढ़े चार लाख कश्मीरी हिंदुओं, कश्मीरी पंडितों के दर्द का मजाक उड़ाने की हिम्मत मत कीजिए; उनका दर्द आज भी कायम है। जरा जाकर जाकती कैंप में देखिए कि कश्मीरी पंडित किस हालत में जी रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि एक कश्मीरी होने के नाते वह इस इंटरव्यू में अपनी जातीय हिंसा और नरसंहार का मजाक उड़ाए जाने की कड़ी निंदा करने के साथ ही साहिबा से माफी मांगने की मांग की।

उन्होंने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “साहिबा बाली द्वारा पाकिस्तान की तारीफ करने पर उनके भारत के प्रति इरादों पर सवाल उठाता हूं। साथ ही उन्होंने भारत सरकार और संबंधित एजेंसियों से अपील की कि उनके देश विरोधी व्यवहार की जांच की जाए। इसके अलावा यह खुलासा हुआ है कि वह आम आदमी पार्टी के टूलकिट का हिस्सा हैं। ऐसा असंवेदनशील व्यवहार एक पढ़े-लिखे और समझदार व्यक्ति जैसे साइरस ब्रोचा, जो मेरे प्रिय मित्र भी हैं, से ऐसी उम्मीद नहीं थी।”

Leave feedback about this

  • Service