N1Live Sports एशियन गेम्स: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया
Sports

एशियन गेम्स: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया

Asian Games: Indian women's cricket team wins gold, defeats Sri Lanka by 147 runs in the final.

 

निशिन, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 का स्वर्ण पदक जीत लिया है। फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एशियन गेम्स 2026 में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है।

 

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 99 रन की विस्फोटक साझेदारी की। वर्मा 29 गेंदों पर 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं।

मंधाना नहीं रूकीं। बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 45 गेंदों पर 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 79 रन की पारी खेली। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने हरमनप्रीत कौर के साथ 42 रन जोड़े। हरमन 19 रन बनाकर आउट हुईं। आखिरी ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष 22 गेंदों पर 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से नाबाद 49 रन बनाकर स्कोर 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 तक पहुंचाया। उनके साथ भारती फूलमाली 7 रन बनाकर नाबाद रहीं।

श्रीलंका के लिए सुगंधिका कुमारी, कविशा दिल्हारी और चामुंडी प्रबोदा 1-1 विकेट लिया।

217 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर सिमट गई। टीम के लिए कप्तानी चमारी अथापट्टू ने सर्वाधिक 29 रन बनाए। विकेटकीपर कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिल्हारी ने 11 रन बनाए।

इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज 2 अंकों में प्रवेश नहीं कर सकी। भारत ने 147 रन से बड़े अंतर से मैच जीता।

भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा ने 3, शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए।

भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को हर विभाग में पीछे छोड़ा और बड़ी जीत हासिल करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। श्रीलंका को रजत पदक दिया जाएगा।

इससे पहले हुए मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक जीता था।

 

Exit mobile version