N1Live National असम बजट 2026-27: रोजगार, इंफ्रा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस, सरकार ने किए कई ऐलान
National

असम बजट 2026-27: रोजगार, इंफ्रा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस, सरकार ने किए कई ऐलान

Assam Budget 2026-27: Special focus on employment, infrastructure, and health; government makes several announcements.

10 जुलाई । असम के वित्त मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने शुक्रवार को विधानसभा में वर्ष 2026-27 का राज्य बजट पेश किया। बजट में रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने राज्य के विकास को गति देने के लिए 10 प्रमुख पहलों की रूपरेखा भी पेश की।

बजट में सरकार ने दो लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि ‘अरुणोदय’, ‘निजुत मोइना’ और अन्य प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाएं बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगी।

विमानन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने गुवाहाटी हवाई अड्डे को 8 करोड़ (80 मिलियन) यात्रियों की वार्षिक क्षमता वाला एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य तय किया है। इससे असम की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पूर्वोत्तर में इसे एक प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित किया जाएगा।

ऊर्जा क्षेत्र के लिए बजट में 72,000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि यह राशि तापीय, जलविद्युत, सौर ऊर्जा और बैटरी ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं पर खर्च की जाएगी, जिससे राज्य की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी और भविष्य की ऊर्जा जरूरतें पूरी की जा सकेंगी।

कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए ब्रह्मपुत्र घाटी में सिंचाई परियोजनाओं के लिए 4,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसका उद्देश्य सिंचाई का दायरा बढ़ाना और कृषि उत्पादकता में सुधार करना है।

चाय बागान श्रमिकों और चाय जनजातियों के लिए चल रही कल्याणकारी योजनाओं को भी जारी रखने की घोषणा की गई है। इन योजनाओं के तहत स्वास्थ्य, पोषण और जीवन स्तर में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार ने 33,000 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती करने की घोषणा की है। इससे जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ेगी और राज्यभर में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।

शिक्षा क्षेत्र में सरकार ने विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और नए शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों की भर्ती जारी रखने की बात कही है, ताकि उच्च शिक्षा के ढांचे को मजबूत किया जा सके और शिक्षकों की कमी दूर हो।

युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई है। इसके तहत युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स) तथा अंग्रेजी, जापानी और कोरियाई जैसी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उन्हें देश और विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

बुनियादी ढांचे के विकास के तहत सड़क, पुल, रेलवे और हवाई संपर्क परियोजनाओं में तेजी लाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी राजधानी के रूप में विकसित करने की योजना भी बजट में शामिल की गई है, ताकि क्षेत्रीय संतुलित विकास को बढ़ावा मिले और ऊपरी असम में प्रशासनिक पहुंच बेहतर हो सके।

वित्त मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने कहा कि यह बजट रोजगार आधारित विकास, मजबूत बुनियादी ढांचे और दीर्घकालिक आर्थिक प्रगति पर केंद्रित है, साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को भी जारी रखा जाएगा।

Exit mobile version