August 18, 2026
National

पंजाब में बदलाव का माहौल, जनता भाजपा को मौका देने के लिए तैयार: सतीश पूनिया

Atmosphere of change in Punjab; public ready to give BJP a chance: Satish Poonia

भाजपा नेता सतीश पूनिया को एक दिन पहले 17 अगस्त को नितिन नवीन की टीम में राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था। मंगलवार को पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पंजाब प्रभारी बनाया गया है। पार्टी की ओर से बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने पर सतीश पूनिया की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए पंजाब प्रभारी बनाए जाने पर सतीश पूनिया ने कहा कि हमारी पार्टी में जब ट्रेनिंग होती है तो सभी पक्षों (संगठन, राजनीतिक) में होती है। पार्टी एक बड़ी संस्था है, जिसमें सीखने को बहुत मिलता है। हमने हरियाणा में खूब सीखा और जमीन पर उतारा। वहां अच्छी टीम मिली और केंद्र का भी पूरा वरदहस्त था कि जो चीजें धरातल पर कर सकते थे, उसका बराबर मार्गदर्शन था। प्रधानमंत्री की सभा लोगों का एक अद्भुत आकर्षण होती है। इन सारे फैक्टर की वजह से टीम हरियाणा ने अच्छा काम किया।

उन्होंने कहा कि महामंत्री के तौर पर पार्टी की ओर से कल बड़ी जिम्मेदारी दी गई थी, जो सामान्य कार्यकर्ता के लिए बड़ी बात है। साथ ही आज पंजाब की जिम्मेदार दी गई है। भाजपा ने धारणाएं तोड़ी हैं। त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, और दिल्ली में आम आदमी पार्टी के वजूद को तोड़ा, महाराष्ट्र में वापसी की और बिहार में अच्छे से आए। अब भाजपा को लेकर पंजाब में भी वैचारिक तौर पर भी लोगों में जो रुझान है, उससे इनकार नहीं किया जा सकता। पंजाब में भाजपा के पक्ष में अंडर करंट है और आम आदमी पार्टी के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी साफ तौर पर दिख रही है।

सतीश पूनिया ने कहा कि हम लोग मिलकर कोशिश करेंगे कि पंजाब भी उस धारणा से अछूता न रहे, जिसको तोड़ने में भाजपा भरोसा करती है। आम आदमी के शासन से लोग त्रस्त हैं और कांग्रेस में विग्रह है। ऐसे में पंजाब की जनता सुख-शांति और पंजाब की तरक्की चाहती है। भाजपा जनता को भरोसा देने में पूरी तरह से सक्षम है कि हम एक अच्छा शासन देंगे।

उन्होंने कहा कि एक तो सत्ता से लड़ना अपने आप में चुनौती होती है, और दूसरा कांग्रेस वहां की पुरानी स्थापित पार्टी रही है, तो कांग्रेस के उस सिस्टम से लड़ना। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का कारण यह था कि लोग विकल्प की तलाश में थे। आज भाजपा विकल्प के तौर पर पंजाब की जनता के सामने है। मुझे पूरा भरोसा है कि पंजाब की जनता भाजपा को पूरा अवसर देगी। पुराना पंजाब लौटाने की हमारी कोशिश रहेगी। एक अच्छी रणनीति से हम लोग चुनाव लड़ेंगे। हमारी कोशिश रहेगी कि हम अपनी खूबियों से सत्ता में आएं।

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए सतीश पूनिया ने आगे कहा कि दिल्ली में उनकी ओर से जो वादे किए गए थे, उसको लेकर जनता के सामने वे बेनकाब हुए और पंजाब में तो और जल्दी बेनकाब हो गए। आम आदमी पार्टी ने पंजाब की जनता को जो भरोसा दिलाया था, वह टूटा है। ऐसे में मेरा मानना है कि आम आदमी पार्टी की वापसी के लिए पंजाब की जनता तैयार नहीं होगी। जैसे ‘आप’ को विकल्प के तौर पर ढूंढा, वैसे ही भाजपा को भी पंजाब की जनता विकल्प के तौर पर देखती है।

Leave feedback about this

  • Service