N1Live National अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास : राजनाथ सिंह
National

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास : राजनाथ सिंह

Attempts to tarnish India's reputation internationally: Rajnath Singh

दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए इस कृत्य की भर्त्सना की। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया है। वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”जब पूरा विश्व भारत को नई दिल्ली में मौजूद भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करते हुए देख रहा था और तकनीक व नवाचार के क्षेत्र में हमारे बढ़ते वैश्विक नेतृत्व का साक्षी बन रहा था, उस समय कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय आयोजन में व्यवधान उत्पन्न करने का रास्ता चुना। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा जिस शर्मनाक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर अनुचित व्यवहार करते हुए हंगामा किया गया है वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारत की प्रतिष्ठा को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का प्रयास भी है। मैं कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूं।”

उन्होंने आगे लिखा, ”जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने को प्राथमिकता देती दिखाई देती है। दलगत राजनीति को देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से ऊपर रखना अत्यंत दुखद है। भारत की जनता भली-भांति समझती है कि कौन भारत को सशक्त और समर्थ बनाने में जुटा है और कौन बार-बार भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करता है।”

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “आज देश शर्मसार है, कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सिर्फ कपड़े उतारने की बात नहीं थी, बल्कि कांग्रेस को उनके कृत्य ने नंगा कर दिया। कांग्रेस का असली चेहरा देश और दुनिया ने देख लिया है। भारत माता के सम्मान के साथ यह खिलवाड़ था। मैं सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से पूछना चाहता हूं, क्या आपके लिए राजनीति देश की इज्जत से ज़्यादा ज़रूरी हो गई है। कांग्रेस देश विरोधी हो गई है।

उन्होंने कहा कि पब्लिक से बार-बार रिजेक्ट हुए निराश और हताश लोग इतने कुंठित और हतोत्साहित हो गए हैं कि वे अब देश की इज्जत का मजाक उड़ा रहे हैं, इससे बड़ा दुर्भाग्य और क्या हो सकता है।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने एक्स पोस्ट में कहा कि भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के सदस्यों का शर्मनाक व्यवहार एक बार फिर कांग्रेस की खोखली पॉलिटिक्स को सामने ले आया है। जब कोई विजन नहीं होता, कोई प्रासांगिकता नहीं होती, तो ड्रामा डिफ़ॉल्ट स्ट्रैटेजी बन जाती है। देश की एक बहुत पुरानी पार्टी से ऐसे व्यवहार की उम्मीद बिल्कुल नहीं की जाती। विरोध करना उनकी आदत बन गई है क्योंकि परफॉर्मेंस पॉलिटिक्स, गवर्नेंस में परफॉर्मेंस से ज़्यादा आसान है। भारत की ग्लोबल तरक्की दिखाने वाले इतने बड़े इवेंट में, उन्होंने देश की इमेज की इज्ज़त करने के बजाय उसे शर्मिंदा करना चुना। इस तरह का व्यवहार एक बहुत ही नेगेटिव सोच को दिखाता है, जो छोटी-मोटी पॉलिटिक्स को देश की प्रतिष्ठा से ऊपर रखती है। भारत ताकत और कॉन्फिडेंस के साथ आगे बढ़ रहा है। जो लोग उस तरक्की का मुकाबला नहीं कर सकते, उन्होंने साफ तौर पर जिम्मेदारी के बजाय ड्रामा चुना है। ऐसे हर काम से, वे नेशनल स्टेज पर खुद को सिर्फ जोकर बना रहे हैं।

Exit mobile version