N1Live Entertainment दर्शकों को जमीन से जुड़ी कहानियों में दिलचस्पी, वे असली इमोशंस चाहते हैं : पूजा गौर
Entertainment

दर्शकों को जमीन से जुड़ी कहानियों में दिलचस्पी, वे असली इमोशंस चाहते हैं : पूजा गौर

Audiences are interested in grounded stories, they want real emotions: Pooja Gor

टीवी, ओटीटी फिल्म सभी प्लेटफॉर्म पर अपनी मजबूत अभिनय के साथ खास पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस पूजा गौर ने छोटे शहरों के ड्रामा के बदलते माहौल पर खुलकर बात की। पूजा का मानना है कि दर्शकों को अब जमीन से जुड़ी कहानियों में दिलचस्पी होने लगी है। ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ फेम पूजा गौर का कहना है कि दर्शक अब ग्लैमर से भरी कहानियों की जगह जमीन से जुड़ी, दिल को छूने वाली कहानियों की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं।

आईएएनएस से विशेष बातचीत में पूजा गौर ने कहा, “आज के दर्शक दिल से जुड़ी कहानियों में बहुत दिलचस्पी रखते हैं। पहले ग्लैमर से भरी कहानियों का बोलबाला था, लेकिन अब लोग ऐसे किरदार देखना चाहते हैं जिनसे वे खुद को जोड़ सकें और जिनमें सच्चे इमोशंस हों।” पूजा ने मिर्जापुर जैसे शो का जिक्र करते हुए कहा कि छोटे शहरों की कहानियां अब ओटीटी पर नया माहौल बना रही हैं। उन्होंने अपनी नई वेब सीरीज ‘लुटेरी दुल्हन’ के बारे में भी विस्तार से बताया।

पूजा ने बताया, “लुटेरी दुल्हन को खास बनाने वाली बात यह है कि इसमें ड्रामा, कॉमेडी, एक्शन, सस्पेंस और इमोशन सब कुछ एक साथ मिलता है। यह एक फैमिली एंटरटेनर है जो पूरे परिवार को एक साथ बांधकर रखता है। थ्रिलिंग होने के बावजूद इसमें बैलेंस है, जो इसे अलग बनाता है।”

सीरीज में पूजा गौर सब-इंस्पेक्टर संध्या यादव का रोल निभा रही हैं। संध्या एक निडर, साहसी और पक्के इरादों वाली महिला अधिकारी हैं जो रहस्यमयी मामलों की जांच करती है, जहां दुल्हनें दूल्हों को लूटकर गायब हो जाती हैं।

अपने किरदार के बारे में पूजा ने बताया, “मुझे संध्या की इमोशनल गहराई ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया। बाहर से वह बहुत मजबूत और साहसी दिखती है, लेकिन अंदर से वह लगातार उम्मीदों और खुद को साबित करने के दबाव से जूझ रही है। वह सिर्फ मामलों को नहीं सुलझाती बल्कि एक ऐसी दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए लड़ती है, जहां महिलाओं को अक्सर सीमित तरीके से परिभाषित किया जाता है।”

‘लुटेरी दुल्हन’ का निर्देशन ग्लेन बैरेटो और अंकुश मोहला ने किया है। यह सीरीज 19 मई को हंगामा ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है।

Exit mobile version