N1Live Entertainment बाबिल खान ने बताया मेडिटेशन का सही मतलब, बोले- ‘इसे आदत नहीं, जीने का तरीका बनाएं’
Entertainment

बाबिल खान ने बताया मेडिटेशन का सही मतलब, बोले- ‘इसे आदत नहीं, जीने का तरीका बनाएं’

Babil Khan explained the true meaning of meditation, saying, 'Make it a way of life, not a habit'

9 अप्रैल । आज के दौर में जहां भागदौड़ भरी जिंदगी और मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहा है, वहां मेडिटेशन को लोग एक जरूरी आदत के रूप में अपनाने लगे हैं। इस कड़ी में अभिनेता बाबिल खान ने मेडिटेशन को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक क्रिया नहीं, बल्कि एक ‘जीने का तरीका’ होना चाहिए।

दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान ने कहा, ”मेडिटेशन को किसी काम की तरह नहीं करना चाहिए। हमें अपने दिमाग और शरीर को इस तरह तैयार करना चाहिए कि ध्यान अपने आप दिनभर चलता रहे। अगर हम मेडिटेशन को सिर्फ एक टाइम-बाउंड एक्टिविटी मानते हैं, तो उसका असली फायदा नहीं मिल पाता। असल में, यह एक ऐसा माइंडसेट है जिसे हमें हर पल अपने साथ रखना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, ”मेडिटेशन का सबसे अहम हिस्सा है खुद को स्वीकार करना। हमें खुद से लड़ने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुद को वैसे ही अपनाना चाहिए जैसे हम हैं। जब इंसान खुद को स्वीकार करता है, तभी वह अपने अंदर आत्मविश्वास महसूस करता है और दिनभर सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ पाता है। खुद से प्यार करना और अपनी कमियों को समझना, मानसिक शांति पाने का पहला कदम है।”

बाबिल खान इन दिनों अपने काम को लेकर भी चर्चा में हैं। वह हाल ही में अपने नए प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए वापस सेट पर लौटे हैं, जिसकी शूटिंग भोपाल में चल रही है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह वैनिटी वैन में नजर आए। इसके साथ उन्होंने लिखा कि वह फिर से काम पर लौट आए हैं और अपने दर्शकों को गर्व महसूस कराना चाहते हैं। हालांकि, इस प्रोजेक्ट से जुड़ी ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

अगर उनके करियर की बात करें तो बाबिल खान ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी शुरुआत एक कैमरा असिस्टेंट के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा और 2022 में फिल्म ‘कला’ से डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी नजर आई थीं। इसके बाद बाबिल ‘फ्राइडे नाइट प्लान’ में नजर आए, जहां उन्होंने जूही चावला के बेटे का किरदार निभाया। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान वेब सीरीज ‘द रेलवे मैन’ से मिली, जो भोपाल गैस त्रासदी पर आधारित थी।

हालांकि, करियर के बीच बाबिल ने एक मुश्किल दौर भी देखा। कुछ समय पहले उन्होंने 6 महीने का ब्रेक लिया था और सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। उस दौरान वह काफी भावुक नजर आए थे और उन्होंने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें कभी-कभी अकेलापन महसूस होता है।

Exit mobile version