June 24, 2026
Entertainment

मलयालम सिनेमा में काम करेंगे बाबिल खान, बोले- ‘यह मेरे लिए करियर का नया अध्याय है’

Babil Khan to work in Malayalam cinema, says, ‘This is a new chapter in my career’

दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान ने बहुत कम समय में अपनी अलग पहचान बना ली है। अब वह अपने करियर में एक और बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। बाबिल जल्द ही मलयालम सिनेमा में नजर आने वाले हैं। उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘गांधी बाजार संडे मार्केट’ की शूटिंग पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में शुरू कर दी है।

इस फिल्म को लेकर बाबिल काफी उत्साहित नजर आए। उनका कहना है कि मलयालम सिनेमा में एंट्री लेना उनके लिए करियर का नया अध्याय है। साथ ही एक ऐसा सफर भी है जिसे शुरू करने के लिए वह खुद को खुशकिस्मत मानते हैं।

इस फिल्म का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर बाबू जनार्दन कर रहे हैं। फिल्म में बाबिल खान के साथ कई जाने-माने कलाकार भी नजर आएंगे। इनमें अपर्णा बालमुरली, दीपक परमबोल, निखिल नायर, जॉनी एंटनी, जगदीश, सुधीर करमना, अथमिया राजन और जयशंकर जैसे कलाकार शामिल हैं। माना जा रहा है कि फिल्म में दमदार कहानी और मजबूत अभिनय देखने को मिलेगा।

बाबिल खान ने मलयालम सिनेमा को लेकर कहा, ”मलयालम फिल्मों का मेरे दिल में हमेशा से खास स्थान रहा है। वहां की फिल्मों में कहानियों को संवेदनशीलता और भावनात्मक गहराई के साथ पेश किया जाता है। एक अभिनेता के तौर पर मैं हमेशा खुद को नई परिस्थितियों में डालकर सीखने की कोशिश करता हूं। असली विकास तभी होता है, जब कलाकार अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर नए लोगों, नई भावनाओं और नई दुनिया को अपनाता है।”

उन्होंने आगे कहा, “गांधी बाजार संडे मार्केट’ की शूटिंग शुरू करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव है। सिलिगुड़ी में शूटिंग करते हुए मैं काफी उत्साहित महसूस कर रहा हूं। मैं इस फिल्म के जरिए खुद को एक नए तरीके से खोजने की कोशिश कर रहा हूं और मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को भी यह सफर पसंद आएगा।”

बाबिल ने निर्देशक बाबू जनार्दन और फिल्म की पूरी टीम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “इतने अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ काम करना मेरे लिए सीखने का शानदार मौका है। मैं हमेशा ऐसी कहानियों का हिस्सा बनना चाहता हूं, जो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित न हों, बल्कि लोगों पर गहरा असर छोड़ें। एक अभिनेता के साथ-साथ मैं एक बेहतर इंसान बनने की कोशिश भी करता हूं और यह फिल्म मुझे वही मौका दे रही है।”

अपने बयान में बाबिल ने कहा, “मलयालम सिनेमा में कदम रखना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मैं इस नई शुरुआत को लेकर खुद को विनम्र और आभारी महसूस कर रहा हूं। हर नई भाषा और नई इंडस्ट्री कलाकार को बहुत कुछ सिखाती है और मैं इस अनुभव को पूरी ईमानदारी के साथ जीना चाहता हूं।”

Leave feedback about this

  • Service