बेलगावी जिले के बैलाहोंगल तालुक के अमातुर गांव से हैरान करने वाल मामला प्रकाश में आया है। यहां पर 31 वर्षीय महिला की तलाक मांगने पर पति ने हत्या कर दी। मृतक महिला की पहचान बैलाहोंगल शहर के गोल्लारा ओनी की रहने वाली लक्ष्मी मदमागेरी के तौर पर हुई है।
मृतक के पति पर आरोप है कि उसने पत्थर से हमला करके हत्या कर दी और घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, राजू और लक्ष्मी ने प्यार के बाद करीब पांच साल पहले शादी की थी। हालांकि, पिछले कुछ सालों में दोनों के बीच अनबन हो गई थी, जिसके बाद लक्ष्मी ने राजू से तलाक मांगा था।
पुलिस ने बताया कि राजू कथित तौर पर लक्ष्मी को अमातुर के पास उनके वर्कप्लेस से घर छोड़ने के बहाने ले गया था। फिर उसने पत्थर से हमला करके और पीट-पीटकर हत्या कर दी और मौके से भाग गया। इस घटना के बाद, बैलाहोंगल पुलिस ने राजू की तलाश शुरू कर दी है और उसे ढूंढने और गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
दिसंबर 2025 में 39 वर्षीय असिस्टेंट बैंक मैनेजर भुवनेश्वरी की पश्चिमी बेंगलुरु की एक सड़क पर अलग रह रहे पति बालमुरुगन ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। यह घटना उन्हें तलाक का नोटिस भेजने के एक हफ्ते बाद हुई थी। आरोपी ने मगदी रोड पुलिस स्टेशन में सरेंडर कर दिया था।
39 वर्षीय भुवनेश्वरी, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बसवेश्वरनगर शाखा में असिस्टेंट मैनेजर थी और अपने दो बच्चों के साथ राजाजीनगर में रहती थी। शाम करीब 6.30 बजे राजाजीनगर इंडस्ट्रियल एरिया की फर्स्ट मेन रोड पर उनके पति ने उन्हें बहुत करीब से गोली मारी थी।
जनवरी 2026 में येल्लापुर में रंजीता नाम की एक तलाकशुदा महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी, क्योंकि उसने रफीक नाम के एक व्यक्ति के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। बाद में आरोपी ने आत्महत्या कर ली थी, और इस घटना के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध-प्रदर्शन हुए थे।
अगस्त 2022 में हासन जिले के होलेनारसीपुर कोर्ट परिसर में तलाक के लिए बातचीत के सेशन के ठीक बाद, 24 साल की महिला चैत्रा की उसके अलग रह रहे पति शिवकुमार ने हत्या कर दी थी।


Leave feedback about this