May 6, 2026
National

बंगाल चुनाव परिणाम: फर्जी सोशल मीडिया पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने दी कार्रवाई की चेतवानी

Bengal election results: Police warn of action against those spreading fake social media posts

6 मई । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद शहर में अशांति फैलाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर फर्जी या असंबद्ध पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने मंगलवार को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी जारी की।

कोलकाता पुलिस ने एक पोस्ट में कहा कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर कई भ्रामक पोस्ट फैलाई जा रही हैं, जिनमें अन्य स्थानों के असंबद्ध वीडियो और तस्वीरों को कोलकाता से गलत तरीके से जोड़ा जा रहा है। कोलकाता पुलिस इस तरह की सामग्री पर कड़ी नजर रख रही है। गलत सूचना फैलाने और जन शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आगे कहा कि शहर में स्थिति नियंत्रण में है और लोगों से इस तरह की पोस्ट साझा न करने का आग्रह किया। पोस्ट में लिखा था, “कोलकाता में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपुष्ट पोस्ट पर विश्वास न करें और उन्हें साझा न करें।”

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद शहर और उसके आसपास हिंसा की घटनाओं के कई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोलकाता पुलिस ने यह कदम उठाया।

डेढ़ दशक बाद राज्य में एक और राजनीतिक परिवर्तन हुआ है। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस सरकार को हराकर सत्ता हासिल की है। पार्टी ने 294 सीटों वाली विधानसभा में 207 सीटें जीतीं, जबकि तृणमूल की सीटें 2021 में जीती गई 215 सीटों से घटकर 80 रह गई हैं।

पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के एक दिन बाद, मंगलवार सुबह टीएमसी चीफ ममता बनर्जी के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कम कर दी गई। हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित उनके पैतृक घर (30बी) के बाहर केवल कुछ ही पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से अपनी पार्टी की चुनावी हार और स्वयं की पराजय के बावजूद, बनर्जी ने अभी तक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं दिया है।

Leave feedback about this

  • Service