N1Live National बंगाल चुनाव: शुरुआती रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त, भवानीपुर में अधिकारी ने ममता बनर्जी को पीछे छोड़ा
National

बंगाल चुनाव: शुरुआती रुझानों में भाजपा को बड़ी बढ़त, भवानीपुर में अधिकारी ने ममता बनर्जी को पीछे छोड़ा

Bengal Elections: Early trends give BJP a big lead, Adhikari overtakes Mamata Banerjee in Bhawanipur

4 मई । पश्चिम बंगाल में मतगणना के शुरुआती दो घंटों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। सुबह 10 बजे तक के रुझानों में भाजपा 60 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल कर चुकी है। वहीं, भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी पछाड़ चुके हैं।

भारतीय निर्वाचन आयोग ने सुबह 10.30 बजे तक 102 विधानसभा सीटों के रुझान सार्वजनिक किए हैं। रुझानों में भाजपा ने 63 विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाई, जबकि तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 37 सीटों पर आगे है। भवानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पिछड़ गई हैं। भाजपा नेता सुवेंद्र अधिकारी नंदीग्राम विधानसभा सीट के साथ-साथ इस बार भवानीपुर से भी चुनाव लड़ रहे हैं।

सुबह 10.30 बजे तक के रुझानों में हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी और भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा ने एक-एक सीट पर बढ़त बनाई है। कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां रुझानों में शून्य पर हैं।

तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जिन विधानसभा सीटों पर आगे हैं, वे मुख्य रूप से दक्षिण बंगाल के जिलों में केंद्रित हैं। वहीं, भाजपा के उम्मीदवार जिन विधानसभा सीटों पर आगे हैं, वे मुख्य रूप से उत्तर बंगाल के जिलों और साथ ही दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में हैं। दिलचस्प यह है कि भाजपा के उम्मीदवार अल्पसंख्यक-बहुल मालदा जिले की कई सीटों पर आगे चल रहे हैं।

ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। हालांकि, उसे भाजपा से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। माकपा और कांग्रेस 2021 के विधानसभा चुनावों में लगभग पूरी तरह से खत्म हो जाने के बाद अपनी मौजूदगी को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि हुमायूं कबीर की एजेयूपी जैसी छोटी पार्टियां भी मैदान में हैं।

पश्चिम बंगाल में सोमवार को विधानसभा की 294 सीटों में से 293 सीटों की मतगणना हो रही है। राज्य में दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ।

Exit mobile version