पश्चिम बंगाल के मंत्री निसिथ प्रामाणिक ने राज्य में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार महिलाओं से रात 8 बजे के बाद घर से बाहर निकलने से मना करती थी। आज रात को 12 बजे भी महिलाएं बाहर निकलती हैं। उनको सुरक्षा देने की जिम्मेदारी हमारी सरकार की है।
मंत्री निसिथ प्रामाणिक ने जलपाईगुड़ी में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “पिछले दिनों राज्य में दुर्गा पूजा हुई। काली पूजा भी हो रही है और आने वाले समय में छठ पूजा होगी। आज के समय में सिर्फ रात 8 बजे नहीं, बल्कि आधी रात में महिलाएं घूम सकती हैं। उनकी सुरक्षा का इंतजाम हमारी सरकार करेगी। आने वाले समय में छठ पूजा के दौरान रातभर महिलाएं जागती हैं। ऐसे समय में उनको सुरक्षा देने की जिम्मेदारी भी हमारी सरकार की है।”
उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा, “पश्चिम बंगाल में जो भी कुकर्म या अपराध करेगा, उसे निश्चित रूप से संविधान के अनुसार सजा दी जाएगी। अगर कोई पुलिस हिरासत से भागने या पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने की कोशिश करेगा तो पुलिस टीम भी चुपचाप नहीं बैठेगी। हम राज्य की पुलिस को ‘फ्री-हैंड’ दिया है। आज राज्य की पुलिस राजनीति दबाव से नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के तहत कार्रवाई कर रही है। पश्चिम बंगाल की जनता भी खुश है।”
निसिथ प्रामाणिक ने पुलिस एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “अगर कोई हमारी माताओं और बहनों के खिलाफ कोई जघन्य अपराध करता है, तो इसका अंजाम यह होगा कि ‘सुबह कार्रवाई होगी और शाम तक नतीजा सामने आ जाएगा’।” उन्होंने सवाल किया कि अगर उनके अपने परिवारों में महिलाओं की गरिमा खतरे में पड़ जाए, तो एनकाउंटर की आलोचना करने वाले लोग क्या करेंगे?
एनकाउंटर के मुद्दे पर बात करते हुए, मंत्री ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार और मौजूदा बीजेपी सरकार के दौर में महिलाओं की सुरक्षा की तुलना की। उन्होंने सोमवार रात जलपाईगुड़ी में ‘मूनलाइट क्लब’ द्वारा आयोजित काली पूजा समारोह में शामिल होने के दौरान ये बातें कहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए प्रामाणिक ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान, बलात्कार पीड़ितों और उनके परिवारों को अक्सर न्याय नहीं मिल पाता था। उन्होंने दावा किया कि इसके बजाय, शिकायत करने वालों को ही जेल में डाल दिया जाता था और महिलाओं को सलाह दी जाती थी कि वे रात में बाहर न निकलें।
इसके विपरीत, उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार चाहती है कि महिलाएं दिन या रात के किसी भी समय बिना किसी डर के कहीं भी आ-जा सकें। उन्होंने माताओं और बहनों से अपील की कि वे बिना किसी डर के पूरी रात पंडालों में जा सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के खिलाफ भाजपा सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।


Leave feedback about this