April 10, 2026
National

बंगाल भाजपा के विकास एजेंडे का समर्थन करता है : पीएम मोदी

Bengal supports BJP’s development agenda: PM Modi

10 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसनसोल रैली की झलकियां साझा करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता भाजपा के विकास एजेंडे का समर्थन कर रही है और तृणमूल कांग्रेस को स्वीकार नहीं करेगी।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, “गुरुवार को आसनसोल में दिखा उत्साह। पश्चिम बंगाल भाजपा के विकास एजेंडे का समर्थन कर रहा है और कभी भी टीएमसी का समर्थन नहीं करेगा।”

यह वीडियो 1 मिनट 18 सेकंड का है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग रैली में मौजूद दिख रहे हैं। भीड़ पीएम मोदी का स्वागत करते हुए हाथ हिलाती नजर आई और उनके समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए। पूरे माहौल में जबरदस्त जोश और ऊर्जा साफ दिखाई दी।

इसी बीच रैली के दौरान एक खास दृश्य भी सामने आया, जिसने सभी का ध्यान खींचा। भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर और पश्चिम बंगाल के नक्शे के साथ एक पोस्टर उठाया हुआ था। इस पोस्टर पर लिखा था, ‘आदरणीय मोदी जी, कृपया पश्चिम बंगाल को बचाइए।’ इसके साथ ही पोस्टर में भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, घुसपैठ, महिला सुरक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से दिखाया गया था। ये वही मुद्दे हैं, जिन पर भारतीय जनता पार्टी लगातार राज्य की सत्ताधारी टीएमसी सरकार को घेरती रही है।

रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल से जुड़े सिंडिकेट और माफिया राज्य के संसाधनों को लूट रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव परिणाम आने के बाद 4 मई को इन सभी लोगों को जवाब देना होगा और उन्हें उनके कर्मों का हिसाब देना पड़ेगा।

आसनसोल में अपनी दूसरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस से लेकर तृणमूल कांग्रेस तक की सरकारों ने पश्चिम बंगाल को समृद्धि से वंचित कर दिया और राज्य को गिरावट की ओर धकेल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का सुशासन ही राज्य की समस्याओं का एकमात्र समाधान है।

प्रधानमंत्री ने ममता बनर्जी सरकार पर राज्य को ‘अंधकार युग’ में ले जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के विकास के लिए तृणमूल कांग्रेस से मुक्ति जरूरी है।

उन्होंने कहा, “जब पूरा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब तृणमूल बंगाल को पीछे धकेल रही है। अब तृणमूल का समय खत्म हो चुका है। आने वाली सरकार भाजपा की डबल इंजन सरकार होगी और 4 मई के बाद बंगाल विकास के नए युग में प्रवेश करेगा।”

गौरतलब है कि राज्य में दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को बाकी 142 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Leave feedback about this

  • Service