N1Live Entertainment विश्व पर्यावरण दिवस पर भूमि पेडनेकर का संदेश, बोलीं-धरती सिर्फ रहने की जगह नहीं, हमारी सबसे बड़ी विरासत
Entertainment

विश्व पर्यावरण दिवस पर भूमि पेडनेकर का संदेश, बोलीं-धरती सिर्फ रहने की जगह नहीं, हमारी सबसे बड़ी विरासत

Bhumi Pednekar's message on World Environment Day: Earth is not just a place to live, it's our greatest heritage.

विश्व पर्यावरण दिवस पर बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। वीडियो में वह नदी किनारे बैठकर चेहरा धोती हुई दिख रही है। वहीं तस्वीर में वह एक पेड़ को गले लगाती नजर आ रही हैं। इसके अलावा कुछ तस्वीरों में एक्ट्रेस प्राकृतिक वातावरण के बीच समय बिताती दिखाई दे रही हैं।

भूमि ने कैप्शन में लिखा, ”मैंने जीवन से यह सीखा है कि धरती हमसे बहुत ज्यादा कुछ नहीं मांगती, बल्कि केवल थोड़ी सी दयालुता और सम्मान चाहती है। नदियां हमारी प्यास बुझाती हैं, लेकिन कभी अपनी तारीफ की उम्मीद नहीं करतीं। जंगल हमें जीवन के लिए जरूरी सांसें देते हैं, लेकिन कभी इसके बदले में पहचान या सम्मान नहीं मांगते। पहाड़ सदियों से मजबूती के साथ खड़े रहते हैं और बिना किसी शिकायत के प्रकृति का संतुलन बनाए रखते हैं।”

भूमि पेडनेकर ने कहा, ”हर सुबह का सूर्योदय हमें एक महत्वपूर्ण बात याद दिलाता है कि इंसान प्रकृति का हिस्सा है, जबकि अक्सर लोग यह सोचने लगते हैं कि प्रकृति केवल उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए है। अब यह सोच बदलने की जरूरत है। केवल पर्यावरण के प्रति जागरूक होना ही काफी नहीं है, बल्कि अब वास्तविक कदम उठाने का समय आ गया है।”

अभिनेत्री ने कहा, ”लोगों को प्रकृति से लेने की आदत छोड़कर उसे कुछ लौटाने की भी कोशिश करनी चाहिए। सुविधा और स्वार्थ के बजाय जिम्मेदारी और जागरूकता को अपनाएं। अगर हर व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव भी करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।”

अपने पोस्ट के आखिर में भूमि पेडनेकर ने धरती को मानवता की सबसे बड़ी विरासत बताया। उन्होंने कहा, ”पृथ्वी केवल वह जगह नहीं है जहां हम रहते हैं, बल्कि यह हमारा सबसे पुराना घर है। यह हमारी सबसे बड़ी विरासत है। आने वाली पीढ़ियों के लिए इस धरती को बेहतर स्थिति में छोड़कर जाना चाहिए। यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम पर्यावरण की रक्षा करें और प्रकृति को नुकसान पहुंचाने वाली आदतों को कम करें।”

Exit mobile version