भारत मंडपम में शनिवार से शुरू हुए वर्ल्ड बुक फेयर में गीता प्रेस गोरखपुर ने अपना स्टॉल लगाया है। यहां बड़ी संख्या में लोग धार्मिक और प्राचीन साहित्य की किताबें खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं। गीता प्रेस गोरखपुर देश का एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जो भारतीय धार्मिक ग्रंथों की प्रकाशित करने के लिए प्रसिद्ध है।
इस साल गीता प्रेस ने अपने स्टॉल पर रामायण, महाभारत, भगवद गीता, वेद, उपनिषद और अन्य धार्मिक साहित्य के साथ-साथ भजन, आरती, और चालीसा का संग्रह भी पेश किया है, जो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है। खासतौर पर इस बार गीता प्रेस ने चालीसा की छोटी-छोटी पुस्तकें भी जारी की हैं, जिन्हें लोग आसानी से अपने पर्स में रख सकते हैं।
गीता प्रेस के संचालकों का कहना है कि इस बार किताबों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि पाठकों को बेहतर अनुभव मिल सके। यहां पहुंचे लोगों ने बताया कि उन्हें वर्ल्ड बुक फेयर में गीता प्रेस का स्टॉल देखकर बहुत अच्छा लगा और उन्होंने यहां से कई किताबें खरीदी हैं।
गीता प्रेस से जुड़े अशोक शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि हमारे पास धार्मिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। हमारे पास हिंदी के अलावा अंग्रेजी में भी धार्मिक पुस्तकें मौजूद हैं। यहां बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं और पुस्तकें खरीद रहे हैं। हमारे पास वेद तो नहीं हैं, लेकिन आपको उपनिषद मिल जाएंगे। इसके अलावा, हमारे पास अंग्रेजी में भी धार्मिक पुस्तकें हैं, जिसे खरदीने के लिए लोग काफी उत्सुक नजर आ रहे हैं।
गीता प्रेस से जुड़े एक शख्स ने आईएनएस से बातचीत में बताया कि हम धार्मिक पुस्तकें छापते हैं। हमारे पास रामायण, गीता, पुराण सहित अन्य धार्मिक पुस्तकें मिल जाएंगी। इस बार इन पुस्तकों को खरीदने के लिए लोग बहुत दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
गीता प्रेस से जुड़े गोपाल ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि हमारे पास कई प्रकार की नई पुस्तकें भी आई हैं। इसके साथ ही महिलाओं और बालकों को लेकर भी कई पुस्तकें छपी हैं। हमारे पुस्तकों की पेपर क्वालिटी भी काफी अच्छी है। मैं तो यही कहूंगा कि आप लोग पुस्तकें पढ़िए, इससे आपको जीवन में नया प्रकाश मिलेगा।
वहीं, अंकुर ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि गीता प्रेस का यह स्टॉल काफी अच्छा लगता है। जब भी समय मिलता है, तो मैं यहां अपने माता पिता के साथ जरूर आता हूं। हम यहां से लोगों के बीच बांटने के लिए पुस्तकें खरीदते हैं।