September 24, 2026
Entertainment

‘ढिंढोरा 2’ को बनाने में भुवन बाम ने की कड़ी मेहनत, बताया- ‘कई ड्राफ्ट, जोक्स और स्टोरीलाइन पर करना पड़ा दोबारा काम’

कंटेंट क्रिएटर और एक्टर भुवन बाम की पॉपुलर सीरीज ‘ढिंढोरा’ के दूसरे सीजन का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। 2021 में यूट्यूब पर रिलीज हुई इस सीरीज ने भुवन बाम के बनाए किरदारों को घर-घर तक पहुंचा दिया था। अब, ‘ढिंढोरा 2’ एक बड़े प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने के लिए तैयार है।

सीरीज की पहली झलक सामने आने के बाद फैंस के बीच इसे लेकर उत्साह और बढ़ गया है। सीरीज के अनुभव को लेकर भुवन ने कहा कि इस सीजन को स्क्रीन तक लाना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था। इसके लिए उन्हें कई ड्राफ्ट, जोक्स और स्टोरीलाइन पर बार-बार काम करना पड़ा।

आईएएनएस के साथ खास बातचीत में भुवन बाम ने ‘ढिंढोरा 2’ बनाने के सफर और अपने जुड़ाव के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ”सीरीज ‘ढिंढोरा’ मेरे लिए बेहद खास है। इसके किरदार पिछले कई सालों में मेरे और दर्शकों के साथ-साथ बड़े हुए हैं। इसके सीजन 2 पर लंबे समय से काम चल रहा था और अब जब इसकी पहली झलक दर्शकों के सामने आई है, तो मेरे लिए यह पल काफी यादगार बन गया है।”

भुवन के कहा, ”’ढिंढोरा 2′ में पहले सीजन से ज्यादा पागलपन होगा, लेकिन इसकी सबसे जरूरी बात यह है कि इसमें उस दुनिया का पुराना मजा और अपनापन भी बना रहेगा। मैं नहीं चाहता कि बड़े प्लेटफॉर्म पर जाने की वजह से शो अपनी असली पहचान खो दे। इसलिए कहानी को बड़ा करने के साथ-साथ उन चीजों को भी संभालकर रखा गया है, जिनसे दर्शक पहले सीजन में जुड़े थे।”

उन्होंने कहा, ”सीजन 2 को तैयार करने के दौरान सबसे बड़ी चुनौती कहानी को लेकर थी। इस प्रोजेक्ट पर काम करते हुए कई ड्राफ्ट लिखे गए। सिर्फ कहानी ही नहीं, बल्कि कई जोक्स और स्टोरीलाइन को भी बार-बार बदला गया। मेरा मकसद यही था कि आखिर में जो कहानी दर्शकों तक पहुंचे, वह उन्हें सही लगे और मेरी मौजूदा सोच से भी जुड़ सके।”

उन्होंने कहा, ”अब ‘ढिंढोरा 2’ जिस मुकाम पर पहुंचा है, वह आज की सोच और मैच्योरिटी से काफी जुड़ा हुआ है। सीरीज में कुछ ऐसे मुद्दों को भी छूने की कोशिश की गई है, जिन पर मैं खुद भरोसा करता हूं। मुझे उम्मीद हैं कि पुराने फैंस को इसमें वही अपनापन मिलेगा, जिसके लिए वह इस सीरीज को पसंद करते आए हैं। साथ ही नई ऑडियंस भी इस कहानी और इसके किरदारों से जुड़ पाएगी।”

बीबीकेवी प्रोडक्शन्स के फाउंडर और प्रोड्यूसर रोहित राज ने भी ‘ढिंढोरा’ के इस सफर को खास बताया। उन्होंने कहा, ”एक इंडिपेंडेंट यूट्यूब सीरीज से नेटफ्लिक्स तक पहुंचना काफी बड़ा सफर रहा है। दूसरे सीजन को बड़े लेवल पर बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन टीम ने यह भी ध्यान रखा कि पहले सीजन की वह मस्ती, पागलपन और पहचान कहीं खो न जाए।”

नेटफ्लिक्स ने हाल ही में ‘ढिंढोरा 2’ की पहली झलक जारी की थी। इसमें ‘बीबी की वाइन्स’ की दुनिया और इसके पसंदीदा किरदारों की वापसी देखने को मिली। इस बार कहानी बड़े कैनवास पर दिखाई जाएगी और टीटू मामा एक बार फिर इस पूरे पागलपन के बीच अहम भूमिका में नजर आएंगे।

‘ढिंढोरा’ का पहला सीजन 2021 में यूट्यूब पर रिलीज हुआ था। इसे दर्शकों का काफी प्यार मिला था। अब दूसरे सीजन के साथ यह फ्रेंचाइजी नेटफ्लिक्स पर पहुंच रही है। ‘ढिंढोरा 2’ को भुवन बाम और रोहित राज ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसका निर्देशन स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया है।

Leave feedback about this

  • Service