April 11, 2026
National

बिहार: चार दिनों से लापता युवक का शव बरामद, प्रेम त्रिकोण में युवक की हत्या की आशंका, महिला सहित तीन गिरफ्तार

Bihar: Body of youth missing for four days recovered, youth suspected of murder in love triangle, three including woman arrested

बिहार के कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की नृशंस तरीके से हत्या कर शव को फेंक देने का एक मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए कहा कि प्रेम त्रिकोण में युवक की हत्या की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि बुधवार से लापता इंदल कुमार रविदास का शव आज जलकुंभी से भरे जलाशय (नदी धार) से बरामद किया गया है।

बताया जाता है कि बुधवार को इंदल घर से निकला था और उसका कोई पता नहीं लग सका, तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों ने इंदल को खोजने के लिए काफी प्रयास किए। इस बीच शनिवार को पता चला कि नदी धार में एक युवक का ढका हुआ शव तैर रहा है। इसके बाद इंदल के परिजन और पुलिस वहां पहुंची और शव को बरामद किया गया। पुलिस इस मामले की लगातार जांच कर रही थी।

इस बीच, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दावा करते हुए कहा कि इस हत्या के पीछे प्रेम त्रिकोण का मामला है। मृतक इंदल कुमार रविदास की गांव की एक शादीशुदा महिला से बातचीत होती थी, जिससे आरोपी अमरजीत कुमार भी प्रेम करता था। इस कारण इंदल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।

बताया गया कि इंदल को बुधवार को फोन कर महिला द्वारा बुलाया गया और फिर अन्य लोगों के साथ मिलकर इसकी निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई और शव को जलाशय में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस मामले में महिला और अमरजीत तथा मोहन कुमार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Leave feedback about this

  • Service