बिहार के भागलपुर में विक्रमशीला सेतु बंद होने के कारण प्रशासन ने गुरुवार को आम यात्रियों के लिए गंगा नदी पर क्रूज सेवा शुरू की। भागलपुर के बरारी इंडस्ट्रियल एरिया में बियाडा घाट से क्रूज का परिचालन हुआ। इस अवसर पर भागलपुर के जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय और एसएसपी प्रमोद यादव मौके पर उपस्थित रहे।
दरअसल, बिहार सरकार के आदेशानुसार भागलपुर में रात के 12 बजे के बाद विक्रमशीला सेतु को मरम्मति के लिए बंद कर दिया गया है। उस बाबत रात में पुलिस के जवानों की ओर से बैरिकेडिंग की। फिलहाल, तीन महीने तक विक्रमशीला सेतु पर किसी तरह की आवाजाही नहीं हो पाएगी। इसी बीच, वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी ने गुरुवार सुबह क्रूज परिचालन का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने एसएसपी प्रमोद यादव और अन्य अधिकारियों के साथ क्रूज के परिचालन की व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा, घाट पर उपलब्ध सुविधाओं और विधि-व्यवस्था का स्थल पर निरीक्षण भी किया। इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने मीडिया से कहा, “हमारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जैसा कि आप देख सकते हैं, सुरक्षा के नजरिए से अधिक सुरक्षित और बड़े क्रूज का इंतजाम किया गया है। यात्रियों के लिए सेवा मुफ्त है। मोटरसाइकिल और दूसरे सामान के लिए तय दरों पर शुल्क लिया जाएगा, जिसमें सरकारी रेवेन्यू-शेयरिंग का अनुपात 70:30 होगा।”
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण नाव पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तैनात रहेंगे। यहां ‘आपदा मित्र’ की भी तैनाती की गई है।
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा, “सुरक्षा के नजरिए से, जैसा कि आप देख सकते हैं, यहां एक प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके ठीक पास में अस्थायी पुलिस स्टेशन है। इस अस्थायी स्टेशन में हमने स्टेशन इंचार्ज के तौर पर दो इंस्पेक्टर और हर शिफ्ट में दो अतिरिक्त अधिकारी तैनात किए हैं, ताकि पुलिस अधिकारियों की 24 घंटे मौजूदगी बनी रहे। आज हमने लगभग 60 कर्मियों को तैनात किया है।”
एसएसपी ने बताया कि जब भी कोई क्रूज यहां से रवाना होगा तो उस पर एक पुलिस अधिकारी और दो जवान के अलावा एक प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेगा। क्रूज पर सुरक्षा के तहत पर्याप्त सुरक्षाकर्मी रहेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर लगातार अनाउंसमेंट भी करता रहेगा। साथ ही, एसडीआरएफ की टीमें यहां निरीक्षण करती रहेंगी।
उधर, क्रूज सेवा शुरू होने पर आम राहगीर और स्थानीय लोग काफी खुश नजर आए। यात्रियों ने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भागलपुर के प्रशासन को धन्यवाद कहा।


Leave feedback about this