N1Live National बिहार : संदिग्ध परिस्थिति में तालाब से लड़की का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
National

बिहार : संदिग्ध परिस्थिति में तालाब से लड़की का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Bihar: Girl's body recovered from pond under suspicious circumstances, police engaged in investigation

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के एक तालाब (पोखर) से पुलिस ने सोमवार को एक 15 वर्षीय लड़की का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किया है। पुलिस प्रथम दृष्टया जहां इसे आत्महत्या बता रही है, वहीं लड़की के परिजन हत्या करने की बात कह रहे हैं।

बताया गया कि सोमवार को स्थानीय लोगों ने ब्रह्मपुर तालाब के पास एक लड़की का शव देखा, तब इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव बरामद होने के बाद लड़की के घर कोहराम मच गया है।

मुजफ्फरपुर एसडीपीओ टाउन-दो विनीता सिन्हा ने बताया कि ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के एक पोखर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक लड़की का शव बरामद हुआ है। परिजनों का कहना है कि प्रेम-प्रसंग का मामला है। किसी लड़के से शादी करना चाहती थी, जिस पर घरवालों को आपत्ति थी।

उन्होंने बताया कि परिजनों के मुताबिक लड़की लड़के के पास भी चली गई थी। रात को बच्ची अपने माता-पिता के साथ ही थी। माता-पिता ने उसका मोबाइल छीन लिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सही जानकारी मिल सकेगी।

इधर, लड़की के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मृतका के परिजनों का आरोप है कि लड़की का एक लड़के के साथ प्रेम संबंध था और वह शादी के लिए दबाव बना रहा था। परिजन हत्या का आरोप लड़की के कथित प्रेमी पर ही लगा रहे हैं। आरोप है कि लड़की दो दिन पहले शाम को अचानक गायब हो गई थी। उसकी काफी खोजबीन की गई थी, लेकिन वह नहीं मिली।

Exit mobile version