May 23, 2026
National

बिहार अब डिजिटल क्रांति की राह पर, इतिहास बना जंगलराज: संजय सरावगी

Bihar is now on the path of digital revolution, jungle raj has become history: Sanjay Saraogi

बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को दावा किया कि बिहार अब डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक नई क्रांति की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आज की स्थिति की तुलना 15-20 साल पहले के बिहार से की जाए, तो राज्य में बड़े स्तर पर आधुनिकीकरण हुआ है।

संजय सरावगी ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को पूरे देश में बढ़ावा दिया जा रहा है और बिहार में भी एआई समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य डिजिटल क्रांति को बढ़ावा देना और नए क्षेत्रों में विकास के अवसर पैदा करना है, ताकि बिहार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ सके। आज बिहार वह जंगलराज वाला बिहार नहीं है, बल्कि लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार का लगातार फोकस अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने पर है। प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं और सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे जा रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हर साल शिक्षक भर्ती करने और पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा है। बिहार रोजगार सृजन का माध्यम बन रहा है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें सशक्त भी किया जा रहा है।

बिहार भाजपा अध्यक्ष ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सीएम धामी ने बिल्कुल सही कहा है। चाहे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री हों या उत्तराखंड के, या फिर किसी भी राज्य की सरकार, सड़कों पर रोजाना धार्मिक गतिविधियां और प्रार्थनाएं करना पूरी तरह गलत है। इससे सड़कें जाम हो जाती हैं, आम नागरिकों को भारी असुविधा होती है और उनका रोजमर्रा का जीवन प्रभावित होता है। धार्मिक आयोजनों के लिए पहले से तय जगहें उपलब्ध हैं। सड़कों को धार्मिक गतिविधियों के लिए अवरुद्ध नहीं किया जाना चाहिए। इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की टिप्पणी को लेकर भी सरावगी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे नेताओं को पहले ही नकार चुकी है और अब केवल मीडिया का ध्यान खींचने के लिए प्रधानमंत्री के खिलाफ गैर-जिम्मेदाराना बयान दिए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब शीर्ष नेतृत्व इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करेगा, तो अन्य नेता भी वैसा ही करेंगे। सरावगी ने आगे कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।

Leave feedback about this

  • Service