N1Live National बिहार: संदिग्ध स्थिति में एक की मौत, दो बीमार, जहरीली शराब पीने की आशंका
National

बिहार: संदिग्ध स्थिति में एक की मौत, दो बीमार, जहरीली शराब पीने की आशंका

Bihar: One dead, two sick under suspicious circumstances; suspected to have consumed spurious liquor

2 अप्रैल । बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में गुरुवार को कथित तौर से जहरीली शराब पीने से एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई, जबकि दो लोग अभी भी जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। पीड़ित दोनों लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि इस घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान रघुनाथपुर निवासी सुरेश प्रसाद के पुत्र चंदू साह के रूप में हुई है। वहीं बीमार लोगों में इसी थाना क्षेत्र के नंदकिशोर ठाकुर के पुत्र लोहा ठाकुर और रमेश साह के पुत्र लड्डू साह उर्फ जितेंद्र साह शामिल हैं। दोनों का इलाज मोतिहारी के अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

बताया जाता है कि बुधवार की रात को तीनों ने मुसहरी टोला स्थित एक अवैध शराब की दुकान से शराब पी थी। शराब पीने के बाद तीनों की स्थिति बिगड़ने लगी। सभी ने पेट में दर्द की शिकायत की। इसी क्रम में चंदू साह की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जहरीली शराब बेचने वाले की पहचान कर ली गई है, उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

परसौनी मुसहरी टोला, तुरकौलिया में अवैध शराब के ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में एसडीएम और एसडीपीओ कैंप कर रहे हैं। घटना की विस्तृत जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी लगाया गया है, ताकि शराब के नमूनों की जांच कर सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

बता दें कि बिहार में किसी भी तरह की शराब के सेवन और बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध है। सरकार इस कानून के कड़ाई से पालन को लेकर कई तरह के कदम उठा चुकी है।

Exit mobile version