October 31, 2026
National

बिहार : मोतिहारी में 125 वांछित अपराधियों पर इनाम घोषित, सात दिन में सरेंडर करने की मोहलत

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित और फरार चल रहे 125 आरोपियों पर कुल 6 लाख 54 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इन अपराधियों पर लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, शराब तस्करी, एनडीपीएस एक्ट, अपहरण, बलात्कार, रंगदारी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्तता के आरोप हैं।

पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जारी सूची में सभी 125 वांछित अपराधियों के नाम, उनके आपराधिक इतिहास, संबंधित थाने में दर्ज कांड संख्या, कांड की तिथि और घोषित इनाम की राशि का उल्लेख किया गया है। इन अपराधियों पर दो हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक का इनाम घोषित किया गया है। इनमें पांच अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम है, जबकि कुछ पर 15 हजार, 12 हजार और अन्य पर दो हजार रुपये तक का इनाम रखा गया है।

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इन अपराधियों में शराब से जुड़े मामलों के 32 आरोपी, हत्या के 19, आर्म्स एक्ट के 15 और लूट के 14 आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट के 10, हत्या के प्रयास के छह, अपहरण के पांच, विस्फोटक पदार्थ से जुड़े चार, बलात्कार के चार और दहेज हत्या के चार आरोपी हैं। डकैती के तीन, चोरी के दो तथा सरकारी राशि के गबन के दो आरोपी भी इस सूची में शामिल हैं। वहीं गृहभेदन, खाद तस्करी, न्यायिक हिरासत से फरार होने, रंगदारी और जातीय अथवा धार्मिक उन्माद फैलाने के एक-एक आरोपी पर भी इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस ने सभी वांछित आरोपियों को सात दिनों के भीतर संबंधित न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण करने का समय दिया है। निर्धारित अवधि में आत्मसमर्पण नहीं करने पर उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इनाम घोषित करने का उद्देश्य अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना और आम लोगों की भागीदारी से पुलिस कार्रवाई को प्रभावी बनाना है। उन्होंने बताया कि अपराधियों के संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और सूचना के आधार पर इनाम की राशि दी जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सूची में शामिल अपराधियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

Leave feedback about this

  • Service