14 मई । बिहार के नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र से गुरुवार को एक दिल दहलाने वाली घटना प्रकाश में आई है, जहां जमीन के चंद टुकड़े के लिए पुत्रों ने अपनी मां की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। यह पूरी घटना बदौरा गांव की बताई जा रही है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर हंगामा किया। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ।
पुलिस ने बताया कि बदौरा निवासी जिलवी देवी के पति रामचंद्र प्रसाद की मौत हो चुकी है। उसका ससुराल भाषीन बिगहा में है, जबकि वह मायके में रह रही थी। मकान और जमीन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला अपने ही बेटों के व्यवहार से काफी डरी-सहमी रहती थी।
परिजनों का आरोप है कि महिला के मंझले बेटे रविशंकर कुमार और बड़े बेटे चंद्रभूषण कुमार ने ही महिला की हत्या कर दी। रविशंकर कुमार पटना में रहकर वाहन चलाने का काम करता है। दोनों भाइयों का अक्सर अपनी मां से जमीन को लेकर विवाद होता रहता था। कई बार घर में मारपीट और झगड़े की नौबत भी आ चुकी थी।
इससे पहले महिला ने शनिवार को थाना पहुंचकर अपनी जान बचाने की गुहार लगाई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनके बेटे कभी भी हत्या कर सकते हैं। घटना के बाद गांव में भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति भी नाराजगी देखी गई। उनका कहना था कि महिला ने पहले ही खतरे की आशंका जताई थी, लेकिन समय पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और जमकर नारेबाजी की। जाम हटाने पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान हल्की झड़प भी हुई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है।
डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हत्या के आरोपित दोनों पुत्रों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी कोणों पर जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

