14 मई । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर अब देशभर में देखने को मिल रहा है। बीजेपी के कई नेता और पदाधिकारी अलग-अलग तरीकों से लोगों को संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि पेट्रोल-डीजल की बचत सिर्फ पैसे बचाने का मामला नहीं बल्कि देशहित और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है।
इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना लखनऊ में साइकिल चलाकर अपने दफ्तर पहुंचे। उन्होंने कहा, “हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी यह भी है कि हम ईंधन बचाएं क्योंकि इसे आयात करने में बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। हमारी ईंधन की लगभग 85–86 प्रतिशत जरूरतें आयात से ही पूरी होती हैं, जिससे विदेशी मुद्रा पर काफी खर्च होता है। मौजूदा वैश्विक हालात और अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियां बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और चुनौतीपूर्ण हैं। प्रधानमंत्री ने कई प्रयास किए हैं और उन्होंने बातचीत के जरिए भी इन मुद्दों को सुलझाने की कोशिश की है लेकिन अब तक उन्हें बहुत ज़्यादा सफलता नहीं मिली है। ऐसे समय में हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह ईंधन की बचत करे।”
दिल्ली में बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी भी साइकिल से बीजेपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद देशभर में मोर्चा कार्यकर्ता छोटी-छोटी दूरी तय करने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करेंगे और लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उनका कहना है कि इससे न सिर्फ पेट्रोल-डीजल की खपत कम होगी बल्कि लोगों की सेहत भी बेहतर रहेगी।
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ट्रेन से यात्रा करते हुए खंडवा पहुंचे। उन्होंने लोगों से अपील की कि जहां संभव हो, वहां सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके।
वहीं, हरियाणा में गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत अपनी पत्नी के साथ ट्रेन से कुरुक्षेत्र पहुंचे और वहां से साइकिल से गुरुकुल गए। उन्होंने भी इसे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक जरूरी कदम बताया।
हरियाणा के मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने खुद अपने काफिले को छोटा करके एक उदाहरण पेश किया है और अब हरियाणा के मंत्री भी उसी रास्ते पर चलेंगे। इसी तरह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है।
उधर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई में विधान भवन पहुंचने के लिए बाइक चलाते नजर आए। बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सिर्फ दो गाड़ियों के छोटे काफिले के साथ दरभंगा के लिए रवाना हुए। वहीं, बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल किया।

