June 27, 2026
National

बिहार: मुजफ्फरपुर में एसटीएफ की दोहरी कार्रवाई, हथियारों के साथ तीन गिरफ्तार, मोस्ट वांटेड भी दबोचा

Bihar: STF takes dual action in Muzaffarpur; three arrested with weapons, and a ‘most wanted’ criminal apprehended.

27 जून । बिहार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मुजफ्फरपुर जिले में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया, जबकि एक अन्य कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे मोस्ट वांटेड अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ की पहली कार्रवाई पानापुर थाना क्षेत्र में की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने महेश कुमार राय, मुकेश राम और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तीनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में जुटे थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, 1,600 रुपए नकद, एक पहचान पत्र तथा सोने जैसा दिखने वाला हनुमानी लॉकेट बरामद किया गया है।

पुलिस ने इस संबंध में पानापुर (मीनापुर) थाना में संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है। एसटीएफ की दूसरी कार्रवाई मोतीपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहां साहेबगंज थाना के मोस्ट वांटेड अपराधी आकाश कुमार को साहेबगंज मोड़ के समीप से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आकाश कुमार साहेबगंज थाना कांड संख्या 287/23 में दर्ज लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आकाश कुमार के खिलाफ साहेबगंज थाना में लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह क्षेत्र में हुई अन्य आपराधिक घटनाओं में भी संदिग्ध रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भी तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि राज्य में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave feedback about this

  • Service