April 15, 2026
National

भगवंत मान के आरोपों पर बिट्टू का पलटवार, ‘पीएम मोदी की ‘स्वच्छ भारत’ नीति के तहत गंदगी होगी साफ’

Bittu retorts to Bhagwant Mann’s allegations, ‘PM Modi’s ‘Clean India’ policy will clean up the mess’

15 अप्रैल । केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर हुई ईडी छापेमारी को भाजपा की साजिश बताने के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने साफ कहा कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक बदले की भावना से नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की जांच के तहत की जा रही है।

मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भगवंत मान, आपकी पार्टी चोरों और लुटेरों की पार्टी है। पंजाब की जनता राज्य के मंत्रियों के खिलाफ मामले दर्ज करवा रही है और जांच एजेंसियां कुछ भ्रष्ट सांसदों को पकड़ रही हैं। पीएम मोदी की नीति ‘स्वच्छ भारत’ है। इसके तहत गंदगी निश्चित रूप से साफ हो जाएगी।”

दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल और उनके बेटे के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई गुरुग्राम, पंजाब और जालंधर समेत लगभग 8 से 9 स्थानों पर की गई।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की टीमें उनके घर, फार्महाउस और अन्य संपत्तियों पर दस्तावेजों की जांच कर रही है। इसके साथ ही उनकी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में भी ईडी की टीम पहुंची, जहां वित्तीय लेन-देन और फंड से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी से जुड़े कुछ फंड मामलों में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

इसको लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि यह सब पंजाब चुनाव से पहले की रणनीति हो सकती है और इसे टिपिकल मोदी स्टाइल बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी किसी दबाव में आने वाली नहीं है।

भगवंत मान ने अपने पोस्ट में लिखा कि उनकी पार्टी किसी कमजोर स्थिति में नहीं है और हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

Leave feedback about this

  • Service