18 अप्रैल । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि बंगाल दूसरे राज्यों के मुकाबला विकास में पीछे रहा है, इसलिए बंगाल में भाजपा जरूरी है। अब बंगाल की जनता जंगलराज से छुटकारा चाहती है।
मोहन यादव शनिवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर राज्य आगे बढ़ रहा है। जनता देश के साथ-साथ बंगाल को भी प्रगति करते देखना चाहती है। सभी राज्यों ने प्रगति की रफ्तार बढ़ाई है, लेकिन बंगाल पिछड़ रहा है, जबकि बंगाल कभी देश का सबसे अग्रणी राज्य हुआ करता था।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता जंगलराज से मुक्ति चाहती है और विकास देखना चाहती है। बंगाल की जनता प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाना चाहती है। हम सब उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के साथ-साथ यहां भाजपा सरकार बने। जनता के बीच विकास की एक नई इबारत लिखी जाए।
बंगाल में विकास न होने का हवाला देते हुए मोहन यादव ने कहा कि बंगाल की जनता बहुत परेशान है। विकास अवरुद्ध है। विकास के लिए भाजपा को चुनना जरूरी है। बंगाल में एसआईआर के दौरान नाम काटे जाने कि आरोप का जवाब देते हुए यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में भी एसआईआर हुआ है। एसआईआर ने सही मतदाता पर ध्यान दिया है। बांग्लादेशी घुसपैठियों को रोकने के लिए एसआईआर जरूरी है। इसलिए बंगाल की प्रगति के लिए भाजपा जरूरी है।
मोहन यादव शनिवार को कोलकाता और खड़गपुर विधानसभा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करने पश्चिम बंगाल पहुंचे।

