August 1, 2026
National

भाजपा नेताओं ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का लगाया आरोप

BJP leaders accused Pakistan of promoting terrorism.

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है, लेकिन सीमा पार से लगातार शांति भंग करने की कोशिशें जारी हैं।

भाजपा के जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने कुलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान किसी भी कीमत पर जम्मू-कश्मीर में शांति और स्थिरता नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कश्मीर में आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन के बढ़ने से पाकिस्तान परेशान है। उनके अनुसार पाकिस्तान चाहता है कि जिस तरह उसके अपने नागरिक आर्थिक संकट और कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं, उसी तरह जम्मू-कश्मीर का माहौल भी अशांत बना रहे। उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा एजेंसियां और सरकार ऐसी साजिशों को विफल करने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए सत शर्मा ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति में खड़ा है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री के नेतृत्व के साथ-साथ देश के युवाओं को जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की लगभग 1.4 अरब आबादी में बड़ी संख्या युवाओं की है और यही युवा विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में सबसे अहम भूमिका निभाएंगे। भारत का दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना देश के युवाओं की ऊर्जा और योगदान का परिणाम है।

भाजपा विधायक विक्रम रंधावा ने कहा कि आतंकवाद ने लंबे समय तक जम्मू-कश्मीर को प्रभावित किया है, लेकिन केंद्र सरकार की सख्त नीतियों ने आतंकवाद को करारा झटका दिया है। उन्होंने कहा कि दशकों से जड़ें जमा चुके आतंकवाद को पूरी तरह समाप्त करने में समय लगेगा, लेकिन सुरक्षा बल लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं। कुलगाम की घटना को कायराना बताते हुए कहा कि आतंकियों की ऐसी हरकतें उनकी हताशा को दर्शाती हैं।

भाजपा विधायक सुनील भारद्वाज ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद जम्मू-कश्मीर के हालात में उल्लेखनीय बदलाव आया है और सरकार ने लगातार यह प्रयास किया है कि प्रदेश की पहचान आतंकवाद नहीं बल्कि पर्यटन से बने। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा पार से सक्रिय आतंकी संगठन अब भी टारगेट किलिंग, सुरक्षा बलों पर हमले और पर्यटकों को निशाना बनाकर घाटी का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों को सुरक्षा बलों द्वारा लगातार विफल किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के वीडियो संदेश पर बोलते हुए सुनील भारद्वाज ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर अनैतिक और हिंसक गतिविधियों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

भाजपा विधायक मोहन लाल ने भी कुलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान एक बार फिर आतंकवाद को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहा है और कुछ असामाजिक तत्व समाज में नफरत फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी मजबूती के साथ कार्रवाई कर रही हैं तथा जम्मू-कश्मीर में शांति और विकास की प्रक्रिया को किसी भी कीमत पर बाधित नहीं होने दिया जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service