July 2, 2026
National

महोबा में सड़क हादसे में बाल-बाल बचे भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत

BJP MLA Brijbhushan Rajput has a narrow escape in a road accident in Mahoba.

उत्तर प्रदेश के महोबा में भाजपा के चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के एस्कॉर्ट वाहन को एक अनियंत्रित ट्रक ने टक्‍कर मार दी। हादसे में विधायक बाल-बाल बचे हैं, जबक‍ि उनके सरकारी गनर, प्राइवेट गार्ड और ड्राइवर घायल हुए हैं। यह हादसा खरेला थाना क्षेत्र के पास हुआ है। हादसे में एस्कॉर्ट वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

जानकारी के अनुसार, बृजभूषण राजपूत एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। उनकी कार आगे चल रही थी, जबकि उनके ठीक पीछे सरकारी गनर और प्राइवेट गार्ड्स का एस्कॉर्ट वाहन था। इसी दौरान खरेला थाना क्षेत्र में स्थित संकट मोचन मंदिर के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी ओर बढ़ना शुरू कर दिया।

ट्रक को अपनी ओर आता देख विधायक की कार के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को सड़क से नीचे उतार दिया। इससे विधायक की गाड़ी सुरक्षित बच गई और एक हादसा टल गया। हालांकि, अनियंत्रित ट्रक ने विधायक की कार के पीछे आ रही एस्कॉर्ट गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में सरकारी गनर, प्राइवेट गार्ड और ड्राइवर चोटिल हुए हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही खरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल टक्कर मारने वाले ट्रक ड्राइवर और मालिक के बारे में कुछ खास जानकारी नहीं पता चल सकी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत ने विधायक पुत्र की हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। उन्होंने दो माह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को पत्र लिखकर विधायक पुत्र की हत्या की साजिश का अंदेशा जताया था। आरोप लगाया है कि जल जीवन मिशन का मुद्दा उठाने के बाद से विधायक की हत्या की साजिश रची जा रही है।

गौरतलब है कि ब्रजभूषण राजपूत एक भारतीय राजनेता हैं। राजपूत यूपी की चरखारी विधानसभा सीट से 17वीं विधानसभा के सदस्य हैं। ब्रजभूषण राजपूत, गंगा चरण राजपूत (लोकसभा और राज्यसभा के पूर्व सांसद) के बेटे हैं। 2017 से चरखारी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैंं।

Leave feedback about this

  • Service